home page

मदन राठौड़ के कथित बयान के विरोध में आप ने पुतला दहन कर जताया आक्रोश

 | 
मदन राठौड़ के कथित बयान के विरोध में आप ने पुतला दहन कर जताया आक्रोश


जयपुर, 18 अक्टूबर (हि.स.)। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ के पाकिस्तान के समर्थन में दिए गए कथित विवादित बयान के विरोध में आम आदमी पार्टी, राजस्थान की ओर से रविवार को इमली फाटक स्थित प्रदेश कार्यालय पर प्रदर्शन किया गया। प्रदेश महासचिव (संगठन) विश्वेन्द्र सिंह के नेतृत्व में पार्टी कार्यकर्ताओं ने पुतला दहन कर विरोध जताया और बयान को लेकर आक्रोश व्यक्त किया।

प्रदर्शन के दौरान विश्वेन्द्र सिंह ने कहा कि सार्वजनिक जीवन में महत्वपूर्ण पदों पर बैठे नेताओं को अपने बयानों में जिम्मेदारी, मर्यादा और राष्ट्रीय हितों का विशेष ध्यान रखना चाहिए। देश की सुरक्षा और संवेदनशील अंतरराष्ट्रीय विषयों पर टिप्पणी तथ्यों एवं जिम्मेदारी के अनुरूप होनी चाहिए। ऐसे मामलों में संबंधित नेताओं को अपनी स्थिति स्पष्ट कर जनता के प्रति जवाबदेही सुनिश्चित करनी चाहिए।

उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में किसी भी राजनीतिक दल या नेता के विवादित बयान पर सवाल उठाना और शांतिपूर्ण तरीके से विरोध करना जनता का अधिकार है। आम आदमी पार्टी जनहित, राष्ट्रीय हित और लोकतांत्रिक मूल्यों से जुड़े मुद्दों पर अपनी आवाज उठाती रही है। पार्टी ने संबंधित बयान पर स्पष्टीकरण देने और राजनीतिक जवाबदेही सुनिश्चित करने की मांग की।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश