home page

अखिल विश्व गायत्री परिवार का पंच कुंडीय गायत्री महायज्ञ का आयोजन

 | 
अखिल विश्व गायत्री परिवार का पंच कुंडीय गायत्री महायज्ञ का आयोजन


अखिल विश्व गायत्री परिवार का पंच कुंडीय गायत्री महायज्ञ का आयोजन


जयपुर, 7 दिसंबर (हि.स.)। अखिल विश्व गायत्री परिवार, शांतिकुंज हरिद्वार मार्गदर्शन में मुरलीपुरा स्थित शंकर विहार कॉलोनी के नव दुर्गा वाटिका (पार्क) में रविवार को आयोजित पंच कुंडीय गायत्री महायज्ञ श्रद्धा, उत्साह और आध्यात्मिक ऊर्जा से ओत-प्रोत वातावरण में सम्पन्न हुआ। नव दुर्गा की नौ प्रतिमाओं और नौ औषधीय पौधों की पावन छत्रछाया में हुए इस दिव्य अनुष्ठान में क्षेत्र भर से बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित हुए और यज्ञीय वातावरण का लाभ उठाया।

महायज्ञ का संचालन गायत्री शक्तिपीठ ब्रह्मपुरी से पधारी साधना रावत, गायत्री कचोलिया एवं हेमंत मिश्रा द्वारा वैदिक मंत्रोच्चारण और प्रज्ञा गीतों के साथ विधिवत कराया गया। प्रारंभ में षट्कर्म, देव आह्वान, षोडशोपचार पूजन एवं अग्नि प्रज्ज्वलन सम्पन्न हुआ। इसके पश्चात श्रद्धालुओं ने गायत्री मंत्र और महामृत्युंजय मंत्र के साथ आहुतियां अर्पित कर वातावरण को आध्यात्मिक ऊर्जा से पूर्ण किया।

यज्ञ का शुभारंभ शहीद योगेश अग्रवाल के पिता अजय अग्रवाल तथा शंकर विहार कॉलोनी के अध्यक्ष शंकर लाल जोशी द्वारा मां गायत्री एवं गुरु सत्ता के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन कर किया गया। इस अवसर पर हेमंत मिश्रा ने यज्ञ को जीवन का वैज्ञानिक प्रयोग बताते हुए कहा कि “यज्ञ साधना से असंभव भी संभव बन सकता है।” उन्होंने सभी को प्रतिदिन 15 मिनट गायत्री मंत्र जप करने की प्रेरणा दी ताकि विवेक, सद्बुद्धि और आत्मबल का विकास जीवन में निरंतर बना रहे।

गायत्री कचोलिया द्वारा प्रस्तुत गुरु-वंदना और प्रज्ञा गीतों ने समूचे वातावरण को भाव-विभोर कर दिया। उपस्थित साधकों को एक बुराई छोड़ने और एक अच्छाई ग्रहण करने का संकल्प दिलाकर महायज्ञ की पूर्णाहुति की गई।

विशेष तौर पर, गायत्री परिवार की संस्थापक माता भगवती देवी शर्मा की आगामी जन्म शताब्दी तथा अखंड दीपक शताब्दी वर्ष के उपलक्ष्य में गत वर्ष आयोजित ज्योति कलश यात्रा में सहयोग प्रदान करने वाले समाजसेवियों और कार्यकर्ताओं को सम्मानित किया गया। यह सम्मान गायत्री चेतना केंद्र मुरलीपुरा के मनु महाराज ने प्रदान किया।

इस सफल आयोजन में पुष्पा पारीक, शिमला कुमावत, ज्योति शर्मा, शारदा खंडेलवाल सहित कई मातृ शक्तियों ने महत्वपूर्ण जिम्मेदारी निभाई। वहीं गोपाल पारीक, उमाशंकर खंडेलवाल, सीताराम शर्मा, तरुण कुमावत, ऋषभ कुमार तथा अनेक युवा कार्यकर्ताओं ने श्रेष्ठ सेवा भाव का परिचय दिया।

कार्यक्रम स्थल पर नशा मुक्ति प्रदर्शनी भी लगाई गई, जिसमें लोगों को व्यसन मुक्त जीवन के लाभ बताए गए। श्रद्धालुओं को ज्ञान प्रसाद के रूप में श्रेष्ठ पुस्तकें वितरित की गईं। यज्ञ की पूर्णाहुति पर उपस्थित जनों ने सर्दी में निर्धनों को गर्म वस्त्र देने, रक्तदान करने और विभिन्न सेवा कार्यों में जुड़ने का संकल्प लिया।शांतिपाठ, जयकारों और सामूहिक मंगलकामनाओं के साथ यह दिव्य यज्ञ सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश