राजस्थान के निकाय और पंचायत चुनाव में उतरेगी ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन, ओवैसी ने दी हरी झंडी
जयपुर, 27 जुलाई (हि.स.)। सांसद असदुद्दीन ओवैसी की पार्टी ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (एआईएमआईएम) ने राजस्थान के आगामी पंचायत राज और नगर निकाय चुनाव पूरी ताकत के साथ लड़ने का ऐलान किया है। पहली बार पार्टी राज्य में आधिकारिक और समर्थित उम्मीदवार उतारकर स्थानीय निकाय और पंचायत चुनाव में अपनी राजनीतिक मौजूदगी दर्ज कराने की तैयारी में है।
एआईएमआईएम राजस्थान के प्रदेशाध्यक्ष जमील खान ने हाल ही में पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष असदुद्दीन ओवैसी से मुलाकात कर प्रदेश के राजनीतिक हालात और चुनावी रणनीति पर चर्चा की। बैठक में ओवैसी ने राजस्थान में निकाय और पंचायत चुनाव मजबूती से लड़ने के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी।
इसके बाद रविवार को प्रदेशाध्यक्ष जमील खान की अध्यक्षता में प्रदेश स्तरीय पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं की वर्चुअल बैठक आयोजित की गई। बैठक में चुनावी तैयारियों को लेकर विस्तृत रणनीति बनाई गई।
जमील खान ने कहा कि पार्टी स्थानीय मुद्दों, जनता के अधिकारों और जनसमस्याओं को प्रमुखता से उठाते हुए चुनाव मैदान में उतरेगी और संगठनात्मक मजबूती के साथ चुनाव लड़ेगी।
पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता एडवोकेट आरिफ मोहम्मद ने बताया कि प्रदेशभर में जल्द ही व्यापक जनसंपर्क अभियान शुरू किया जाएगा। इसके तहत जिला और वार्ड स्तर पर संगठन को मजबूत किया जाएगा तथा स्थानीय स्तर पर सक्रिय और मजबूत पकड़ रखने वाले कार्यकर्ताओं को प्रत्याशी बनाया जाएगा।
एआईएमआईएम के इस फैसले के बाद प्रदेश की राजनीति में हलचल तेज हो गई है। माना जा रहा है कि मुस्लिम बहुल और अल्पसंख्यक प्रभाव वाले क्षेत्रों में पार्टी की सक्रियता से स्थानीय चुनावों में मुकाबला त्रिकोणीय हो सकता है।
राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि ऐसे क्षेत्रों में एआईएमआईएम की मौजूदगी कांग्रेस और भाजपा दोनों के चुनावी समीकरणों को प्रभावित कर सकती है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित

