home page

राजस्थान में मौसम ने बदली करवट, आज 7 जिलों में बारिश और ओलावृष्टि का अलर्ट

 | 
राजस्थान में मौसम ने बदली करवट, आज 7 जिलों में बारिश और ओलावृष्टि का अलर्ट


जयपुर, 16 अक्टूबर (हि.स.)। राजस्थान में पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से मौसम का मिजाज बदल गया है। प्रदेश के कई जिलों में बारिश और ओलावृष्टि से तापमान में 5 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आ गई है। राजधानी जयपुर में शुक्रवार सुबह करीब 20 मिनट तक बारिश हुई, जिससे मौसम में ठंडक बढ़ गई।

मौसम विभाग ने आज भी प्रदेश के 7 जिलों में बारिश और ओलावृष्टि की चेतावनी जारी की है।

गुरुवार को भी प्रदेश के सात से अधिक जिलों में गरज-चमक के साथ तेज बारिश हुई और कई स्थानों पर ओले गिरे। श्रीगंगानगर जिले के गजसिंहपुर में सर्वाधिक 55 मिलीमीटर बारिश हुई। वहीं, सूरतगढ़ क्षेत्र में ओलावृष्टि से खेतों में कटी फसलों को नुकसान पहुंचा है। उदयपुर, सीकर, जयपुर, टोंक, अलवर, भरतपुर, सवाई माधोपुर, हनुमानगढ़, चूरू और श्रीगंगानगर सहित कई क्षेत्रों में बारिश का असर देखने को मिला।

बारिश और ठंडी हवाओं के चलते प्रदेश के कई इलाकों में तापमान में गिरावट आई है।

हनुमानगढ़ में गुरुवार को अधिकतम तापमान 28.1 डिग्री सेल्सियस मापा गया, जबकि बाड़मेर 40.5 डिग्री तापमान के साथ प्रदेश के गर्म इलाकों में शामिल रहा। सीकर, अलवर, जयपुर, भरतपुर और आसपास के क्षेत्रों में भी बारिश के बाद मौसम सुहावना हो गया।

राजधानी जयपुर में शुक्रवार सुबह करीब छह बजे मौसम बदला और लगभग 20 मिनट तक बारिश हुई। इससे पहले गुरुवार शाम को भी शहर और आसपास के इलाकों में बरसात हुई थी। जयपुर हवाई अड्डे पर 0.5 मिलीमीटर और चाकसू में 6 मिलीमीटर बारिश हुई।

बारिश के साथ चली ठंडी हवा ने लोगों को गर्मी से राहत दिलाई।

मौसम विभाग के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से आने वाले दिनों में भी प्रदेश के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश का दौर जारी रह सकता है। हालांकि ओलावृष्टि से प्रभावित क्षेत्रों में खेतों में कटी फसलों को नुकसान की आशंका के बीच किसानों की चिंता बढ़ गई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित