राजस्थान में आज से बदलेगा मौसम, आंधी-बारिश और ओलावृष्टि का अलर्ट
जयपुर, 06 अप्रैल (हि.स.)। प्रदेश में सोमवार से एक नया मजबूत मौसमी तंत्र सक्रिय होने जा रहा है, जिसके चलते मौसम में बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है। मौसम विभाग ने राज्य के कई जिलों में तेज आंधी, बारिश और ओलावृष्टि को लेकर ऑरेंज और येलो अलर्ट जारी किया है।
मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार सोमवार और मंगलवार को करीब 14 जिलों में आंधी और बारिश की संभावना जताई गई है। इस दौरान कई स्थानों पर तेज हवाओं के साथ हल्की से मध्यम बारिश और ओले गिरने की चेतावनी दी गई है।
मौसम विभाग के निदेशक राधेश्याम शर्मा के अनुसार छह अप्रैल से सक्रिय हो रहे इस सिस्टम का असर सबसे पहले पश्चिमी राजस्थान के जिलों जैसलमेर, जोधपुर, बाड़मेर, बीकानेर और श्रीगंगानगर में देखने को मिलेगा। यहां दोपहर बाद मौसम अचानक बदलेगा, बादल छाने के साथ तेज आंधी और बारिश हो सकती है।
मौसम विभाग के अनुसार सात अप्रैल को इस सिस्टम का प्रभाव पूरे प्रदेश में फैल जाएगा।
अधिकांश जिलों में बादल छाने के साथ बारिश की संभावना है। कुछ स्थानों पर ओलावृष्टि भी हो सकती है। वहीं नौ अप्रैल से मौसम के फिर से शुष्क (ड्राय) होने के आसार हैं।
इससे पहले रविवार को प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में मौसम शुष्क रहा। जयपुर, अजमेर, भरतपुर और बीकानेर संभाग में आसमान साफ रहा और दिनभर धूप खिली। हालांकि शाम के समय जयपुर में बादल छाने से मौसम सुहावना हो गया और ठंडी हवाओं से लोगों को राहत मिली।
पिछले 24 घंटे में प्रदेश के कई शहरों में तापमान में एक से दो डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी हुई। बाड़मेर में सबसे अधिक अधिकतम तापमान 35.1 डिग्री सेल्सियस मापा गया।
इसके अलावा कोटा, जोधपुर, उदयपुर, अजमेर और बीकानेर सहित कई शहरों में तापमान सामान्य के आसपास रहा।
मौसम विभाग ने किसानों और आमजन को सतर्क रहने की सलाह दी है। तेज आंधी और ओलावृष्टि से फसलों को नुकसान हो सकता है, वहीं तेज हवाओं के दौरान खुले स्थानों पर सावधानी बरतने की अपील की गई है। प्रदेश में अगले दो दिनों तक मौसम का मिजाज बदला हुआ रहेगा और कई इलाकों में तेज आंधी-बारिश लोगों की दिनचर्या को प्रभावित कर सकती है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित

