आज भी रही अक्षय तृतीया पर रही शादियों की धूम : कई जगहों पर सामूहिक विवाह सम्मेलन
जोधपुर, 20 अप्रैल हि.स.)। पवित्र पर्व अक्षय तृतीया के अवसर पर शहर सहित आसपास के क्षेत्रों में विवाह समारोहों की धूम देखने को मिली। शुभ मुहूर्त के कारण बड़ी संख्या में जोड़ों ने परिणय सूत्र में बंधकर नए जीवन की शुरुआत की। शहर के विभिन्न मैरिज गार्डन, धर्मशालाओं और सामुदायिक भवनों में दिनभर शहनाइयों की गूंज रही। बाजारों में भी विशेष रौनक देखने को मिली, जहां शादी से जुड़े सामानों की खरीदारी के लिए लोगों की भीड़ उमड़ी। इस अवसर पर कई सामाजिक संगठनों की ओर से सामूहिक विवाह सम्मेलन भी आयोजित किए गए, जिनमें आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के जोड़ों का विधिवत विवाह कराया गया। इन आयोजनों में समाज के लोगों ने बढ़-चढक़र भाग लिया और नवदंपतियों को आशीर्वाद दिया।
श्री नारायण सेवा समिति मण्डोर द्वारा 11वां सामूहिक विवाह समारोह आज एसबी होटल एण्ड गार्डन, लॉ कॉलेज के पीछे मण्डोर में आयोजित हुआ, जिसमें आठ जोड़े परिणय सूत्र में बंधेे।
कार्यक्रम संयोजक हेमसिंह सांखला ने बताया कि पंडित हनुमान प्रसाद द्वारा समिति सदस्यों एवं वधुओं की उपस्थिति में सुबह गणेश पूजा-अर्चना की गई। वर पक्ष की बारातें ढोल-नगाड़ों एवं डीजे के साथ दो-दो के समूह में विवाह स्थल पहुंची। विवाह स्थल पर मंगल आरती के साथ बारातों का स्वागत किया गया तथा तोरण बांधने की रस्म अदा की। इसके बाद वर-वधु पक्ष के बीच मिलनी कार्यक्रम आयोजित हुआ।
दोपहर में पाणिग्रहण संस्कार सम्पन्न हुआ, जिसमें आर्य समाज महर्षि पाणिनी नगर, गोकुलजी प्याऊ के पंडित शिवराम आर्य एवं उनकी टीम द्वारा सभी आठ जोड़ों का विवाह संपन्न कराया गया। विवाह के पश्चात पड़ले की रस्म निभाई गई और नवदम्पत्तियों को आशीर्वाद व भेंट देकर विदाई दी गई।
वहीं गायत्री देवी ट्रस्ट के संस्थापक चंद्रशेखर अरोड़ा ने बताया कि गायत्री देवी ट्रस्ट जोधपुर और आर्य समाज शास्त्री नगर जोधपुर के संयुक्त तत्वाधान में 21 जोड़ों का शिव पार्वती परिणय महोत्सव आर्य समाज भवन शास्त्री नगर में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि शास्त्री नगर आर्य समाज प्रधान अरुणा मोदी, गुरु मां इंदु अघोरी, वरिष्ठ समाजसेवी गौरी बुआ, वरिष्ठ समाजसेवी पप्पू राम चौधरी, ओमप्रकाश देवड़ा, हेमराज देवड़ा, अशोक चौहान रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / सतीश

