home page

अक्षरधाम में जन्माष्टमी पर सजेगी कृष्ण लीला की मनमोहक झांकियां

 | 
अक्षरधाम में जन्माष्टमी पर सजेगी कृष्ण लीला की मनमोहक झांकियां


अक्षरधाम में जन्माष्टमी पर सजेगी कृष्ण लीला की मनमोहक झांकियां


अक्षरधाम में जन्माष्टमी पर सजेगी कृष्ण लीला की मनमोहक झांकियां


जयपुर, 01 सितंबर (हि.स.)। वैशाली नगर स्थित बीएपीएस श्री स्वामिनारायण अक्षरधाम मंदिर में 4 सितंबर शुक्रवार को श्रीकृष्ण जन्माष्टमी महोत्सव हर्षोल्लास और भक्ति भाव के साथ मनाया जाएगा। इस उत्सव को लेकर मंदिर परिसर में तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं। जन्माष्टमी पर हजारों श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना को देखते हुए दर्शन,अभिषेक और अन्य व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है।

कोठारी संत जयतीर्थ स्वामी के अनुसार जन्माष्टमी के अवसर पर श्रद्धालुओं को सुबह 8 बजे से रात 12 बजे तक ठाकुर जी के दर्शन और अभिषेक का लाभ मिलेगा। मंदिर को आकर्षक झांकियों से सजाया जाएगा। ठाकुरजी का विशेष मनमोहक प्राकृतिक श्रृंगार किया जाएगा और छप्पन-भोग अर्पित किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि मंदिर परिसर में भगवान श्रीकृष्ण के जीवन चरित्र पर आधारित विभिन्न झांकियां सजाई जाएंगी। इनमें जन्मोत्सव झांकी, गोकुल-गमन, पूतना-वध और कंस-वध प्रमुख रहेंगी। इन झांकियों के माध्यम से भगवान श्रीकृष्ण के जीवन प्रसंगों और विपरीत परिस्थितियों में जीवन जीने की प्रेरणा को दर्शाया जाएगा।

वहीं मंदिर में आने वाले सभी हरि भक्तों को ठाकुर जी के पंचामृत अभिषेक और पंजीरी का विशेष प्रसाद प्राप्त होगा। जन्माष्टमी के अवसर पर श्रद्धालुओं के लिए धार्मिक और आध्यात्मिक वातावरण में विशेष व्यवस्थाएं की जा रही हैं।

प्रबंधन समिति स्वामीनारायण अक्षरधाम मंदिर जयपुर के अनुसार जन्माष्टमी महोत्सव के दौरान सत्संग सभा में भगवान श्रीकृष्ण के जीवन पर आधारित विभिन्न सांस्कृतिक और आध्यात्मिक कार्यक्रम होंगे। बाल-युवा मंडल की ओर से कृष्ण लीला और नृत्य नाटिका प्रस्तुत की जाएगी। संगीतज्ञ संगकीर्तन के माध्यम से भगवान श्रीकृष्ण के लीलाचरित्रों का गुणगान करेंगे। संत अपने मार्गदर्शन में भगवान श्रीकृष्ण के जीवन मूल्यों को दैनिक जीवन में अपनाने का संदेश देंगे।

मंदिर परिसर में बालकों की ओर से बाल संस्कार, व्यसन मुक्ति और पारिवारिक शांति जैसे विषयों पर आधारित विशेष प्रदर्शनी भी लगाई जाएगी। श्रद्धालु इस प्रदर्शनी के माध्यम से संस्कार, परिवार और स्वस्थ जीवनशैली से जुड़े संदेशों को जान सकेंगे।

जन्माष्टमी पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के आने को देखते हुए मंदिर में विभिन्न व्यवस्थाएं की जा रही हैं। दर्शन सुगम बनाने के लिए संतों और कार्यकर्ताओं की ओर से व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए निःशुल्क बूट हाउस की व्यवस्था भी रहेगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश