चुनाव से पहले अखिलेश को सता रहा हार का डर : सुभाष चंद्र यादव
जयपुर, 21 नवंबर (हि.स.)। सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता एवं राजस्थान प्रदेश प्रभारी सुभाष चंद्र यादव ने समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव पर निशाना साधते हुए कहा कि वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले ही उन्हें हार का डर सताने लगा है। इसी घबराहट में वे सुभासपा को लेकर गलत बयानबाजी कर रहे हैं और सीटों की फर्जी सूची वायरल कर रहे हैं।
सुभाष चंद्र यादव ने कहा कि अखिलेश यादव ओमप्रकाश राजभर और सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी की जमीनी ताकत से अच्छी तरह परिचित हैं। सुभासपा भारतीय जनता पार्टी की अहम सहयोगी पार्टी है और भाजपा का शीर्ष नेतृत्व भी ओमप्रकाश राजभर की राजनीतिक एवं जमीनी ताकत को समझता है। उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव को सुभासपा की चिंता करने के बजाय अपने गठबंधन और सहयोगी दलों को सम्मान देने पर ध्यान देना चाहिए।
उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी की सहयोगी कांग्रेस 181 सीटों की मांग कर रही है। ऐसे में अखिलेश यादव को पहले कांग्रेस के साथ सीटों और गठबंधन से जुड़े मुद्दों को सुलझाना चाहिए। अन्यथा आने वाले समय में कांग्रेस उनके लिए बड़ी राजनीतिक चुनौती बन सकती है।
आजम खान के मुद्दे पर प्रतिक्रिया देते हुए सुभाष चंद्र यादव ने कहा कि आजम खान जेल से बाहर हैं और जमानत पर हैं। यह पूरी तरह कानून की प्रक्रिया के तहत हुआ है। भारत छोड़कर जाने संबंधी उनके बयान पर उन्होंने कहा कि भारत एक लोकतांत्रिक देश है, जहां संविधान और कानून का शासन चलता है। किसी को भी कानून से ऊपर समझने की भूल नहीं करनी चाहिए।
उन्होंने कहा कि यदि कोई व्यक्ति दादागिरी करता है, अराजकता फैलाता है या कानून-व्यवस्था को चुनौती देने वाली गतिविधियों में शामिल होता है तो उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई होगी और उसे दोबारा जेल भी जाना पड़ सकता है। उन्होंने कहा कि यदि आजम खान भारत छोड़कर जाना चाहते हैं तो जा सकते हैं। देश में कानून का शासन सर्वोपरि है और किसी भी व्यक्ति को कानून हाथ में लेने की छूट नहीं दी जा सकती।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश

