home page

गौमाता की पूजा अर्चना कर परिक्रमा लगाई

 | 
गौमाता की पूजा अर्चना कर परिक्रमा लगाई


गौमाता की पूजा अर्चना कर परिक्रमा लगाई


अजमेर, 17 नवम्बर(हि.सं.)। अजमेर जिले में गोपाष्टमी का पर्व श्रद्धा और भक्तिभाव से मनाया गया। जगह जगह भक्तों ने गौपूजन किया और गौशालाओं में जाकर गौमाता की सेवा पूजा व परिक्रमा की।

चुंगी चौकी पुष्कर के पास स्थित पंचमुखी गायत्री मंदिर गौशाला में गोपाष्टमी का पावन पर्व श्रद्धापूर्वक भक्तिभाव से मनाया गया । संयोजक अशोक पंसारी ने बताया कि गौशाला में गायों की पूजा अर्चना की गई, तिलक लगा कर चुनरी ओढ़ाई । पैरों में मेंहदी लगाई । नए वस्त्र धारण करा कर उन्हें गुड, हराचारा एवं रजका खिला कर सुख समृद्धि की कामना की गई । सभी उपस्थित जनों द्वारा गौमाता की परिक्रमा की गई । इस अवसर पर मुन्नी देवी, अंजू पंसारी , आभा गांधी, सुरेश गोयल, लक्ष्मीनारायण हटुका, दीपचंद श्रीया,आनंदी लाल अरोड़ा अरोड़ा, अक्षय पंसारी राजेंद्र गांधी सहित अन्य गौ भक्त मौजूद थे । गौशाला में कार्यरत गौसेवक मंगला राम एवं गेंदी बाई का भी सम्मान किया गया । इस अवसर पर गौ पूजक दीपचंद श्रीया और आनंदिलाल अरोड़ा ने गौसेवा को भारतीय संस्कृति, धार्मिक आस्था एवं मानवता का महत्वपूर्ण अंग बताते हुए कहा कि गाय केवल हमारी धार्मिक आस्था का प्रतीक नहीं, बल्कि भारतीय ग्रामीण अर्थव्यवस्था और पर्यावरण संरक्षण में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है ।

कार्यक्रम में गौमाता की नियमित सेवा, संरक्षण तथा निराश्रित गोवंश की देखभाल करने का संकल्प लिया गया । अशोक पंसारी ने समाज के लोगों से गौसेवा के कार्यों में आगे आने और गोवंश के संरक्षण में सहयोग करने की अपील की । गौ पूजन के पश्चात अरोड़ा द्वारा प्रसाद वितरण किया गया

श्रीनृसिंह गोपाल जी गौशाला समिति, अरड़का के तत्वावधान में तथा अध्यक्ष एवं संचालक महंत शिव रतन शरण जी के पावन सान्निध्य में गोपाष्टमी का पावन पर्व अत्यंत श्रद्धा, भक्तिभाव और कुशलतापूर्वक सम्पन्न हुआ। महोत्सव में बड़ी संख्या साधु संतों, स्थानीय ग्रामीणों एवं गौभक्तों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर गौसेवा का पुण्य लाभ अर्जित किया।

कार्यक्रम का शुभारंभ प्रातः 08:00 बजे वैदिक मंत्रोच्चार के साथ सामूहिक गौपूजन एवं हवन से हुआ। विद्वान पंडितों के सान्निध्य में गौमाता का पारंपरिक श्रृंगार कर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की गई तथा हवन में आहुतियां देकर क्षेत्र की सुख, शांति और समृद्धि की मंगलकामना की गई।

धार्मिक अनुष्ठानों की पूर्णाहुति के पश्चात दोपहर 12:00 बजे से विशाल भोजन प्रसादी का आयोजन किया गया, जिसमें आसपास के क्षेत्रों से आए सैकड़ों श्रद्धालुओं ने पंगत में बैठकर प्रसादी ग्रहण की।

कार्यक्रम के सफल एवं सुव्यवस्थित आयोजन पर गौशाला समिति के सचिव गिरधारी लाल (अरड़का) ने सभी भामाशाहों, कार्यकर्ताओं, ग्रामवासियों और प्रत्यक्ष-अप्रत्यक्ष रूप से सहयोग करने वाले समस्त गौभक्तों का हृदय से आभार व्यक्त किया।

गौमाता के प्रति श्रद्धा, सेवा और भारतीय संस्कृति के संरक्षण का अनुपम संदेश देते हुए अंतर्राष्ट्रीय वैश्य महासम्मेलन, अजमेर एवं श्री सीता गौशाला, पहाड़गंज के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित श्री गोपाष्टमी गौसेवा एवं संस्कृति महोत्सव श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के वातावरण में संपन्न हुआ।

गोपाष्टमी के पावन अवसर पर आयोजित इस महोत्सव में गौभक्तों एवं समाजबंधुओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता निभाई । कार्यक्रम में वैदिक मंत्रोच्चार के साथ सुरभि महायज्ञ संपन्न हुआ। इसके पश्चात गौमाता का राजतिलक, विधिवत पूजन, छप्पन भोग दर्शन, गौमाता की भव्य महाआरती तथा पूजन-संकीर्तन के माध्यम से वातावरण भक्तिमय हो गया। गौसेवा एवं गौग्रास संकल्प के माध्यम से उपस्थित जनों ने गौमाता के संरक्षण और सेवा का संदेश दिया।

यज्ञ एवं पूजन आचार्य लक्ष्मी नारायण शास्त्री के सान्निध्य में संपन्न हुए। मुख्य गौपूजन एवं सुरभि महायज्ञ का लाभ कालीचरण दास खंडेलवाल, रमेशचंद अग्रवाल एवं ओमप्रकाश मंगल (अहमदाबाद) ने लिया। छप्पन भोग सेवा का पुण्य लाभ गिरधारीलाल मंगल एवं परिवार द्वारा लिया गया। आज के उत्सव में अनेक गौभक्त व समाजबंधु शामिल हुए।

इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि गौसेवा भारतीय संस्कृति की आत्मा है। गौमाता का सम्मान केवल धार्मिक परंपरा नहीं, बल्कि हमारी सांस्कृतिक विरासत और सामाजिक दायित्व का प्रतीक है। ऐसे आयोजनों से समाज में सेवा, संस्कार एवं समर्पण की भावना मजबूत होती है तथा युवा पीढ़ी को अपनी सनातन परंपराओं से जुड़ने की प्रेरणा मिलती है।

महोत्सव के माध्यम से गौमाता का सम्मान — भारतीय संस्कृति का अभिमान का संदेश जन-जन तक पहुंचाया गया। आयोजकों ने कार्यक्रम में सहयोग देने वाले सभी गौभक्तों, समाजबंधुओं एवं कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त किया तथा भविष्य में भी गौसेवा एवं संस्कृति संरक्षण के कार्यों को निरंतर आगे बढ़ाने का संकल्प व्यक्त किया ।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संतोष