home page

अजमेर सरस डेयरी ने दूध के दाम दो रुपए बढ़ाने को बताया किसानों को नुकसान से बचाने का मजबूरी में उठाया कदम

 | 
अजमेर सरस डेयरी ने दूध के दाम दो रुपए बढ़ाने को बताया किसानों को नुकसान से बचाने का मजबूरी में उठाया कदम


अजमेर, 22 मई(हि.स.)। अजमेर सरस डेयरी के अध्यक्ष रामचंद्र चौधरी ने शुक्रवार को दूध की सभी किस्मों के विक्रय मूल्यों में दो रुपए प्रति लीटर की वृद्धि कर दी है। चौधरी ने इसे किसानों को नुकसान से बचाने के लिए मजबूरी में उठाया कदम बताया है। उन्होंने कहा कि डेयरी लगातार बढ़ती लागत और भारी वित्तीय दबाव का सामना कर रही है। ऐसे में उपभोक्ताओं और पुशपालक किसानों के हितों के बीच संतुलन बनाए रखने के लिए यह कठिन निर्णय किया गया है।

चौधरी ने सफाई दी कि अमूल और मदर डेयरी के द्वारा हाल में मूल्य वृद्धि करने के बाद अजमेर सरस डेयरी ने दूध के दाम बढ़ाने का निर्णय किया। उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय डेयरी विकास बोर्ड से संचालित मदर डेयरी द्वारा दूध का मूल्य बढ़ाए जाने के बाद आर्थिक परिस्थितियों को देखते हुए अजमेर सरस डेयरी के पास भी दूध का विक्रय मूल्य बढ़ाने के अलावा कोई विकल्प नहीं बचा था। उन्होंने दावा किया अजमेर डेयरी किसानों को देश में सबसे अधिक दूध खरीद मूल्य देने वाली डेयरियों में शामिल है। किसानों को लगभग दस रुपए प्रति लीटर तक अतिरिक्त बोनस दिया जा रहा है ताकि बढ़ती महंगाई के बीच पशुपालकों को नुकसान न उठाना पड़े और ग्रामीण अर्थव्यवस्था मजबूत बनी रहे।

डेयरी अध्यक्ष ने बताया कि पशुपालकों को बेहतर भुगतान जारी रखने के कारण अप्रेल माह में ही डेयरी को 2.5 करोड़ रुपए का वित्तीय नुकसान उठाना पड़ा है। डीजल, गैस और पैकिंग मटेरियल महंगा होने से दूध संग्रहण और विपणन की लागत में भारी बढ़ोतरी हुई है। डीजल की कीमतों में वृद्धि, प्लांट संचालन में उपयोग होने वाली पीएनजी गैस के दाम बढ़ना और पैकिंग मटेरियल की कीमतों में 30 से 40 प्रतिात तक उछाल आने से उत्पादन लागत काफी बढ़ गई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संतोष