धनतेरस पर अजमेर को मिली 20 नई ई-बसों की सौगात
अजमेर, 06 नवंबर (हि.स.)। धनतेरस के अवसर पर अजमेर को सार्वजनिक परिवहन की बड़ी सौगात मिली। विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने शुक्रवार को नौसर स्थित ई-बस स्टैंड से 20 नई प्रधानमंत्री ई-बसों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इन बसों के संचालन से अजमेर शहर के साथ ग्रामीण क्षेत्रों में भी परिवहन कनेक्टिविटी बेहतर होगी। वातानुकूलित ई-बसों के जरिए यात्रियों को किफायती, सुरक्षित और प्रदूषणमुक्त सफर की सुविधा मिलेगी।
देवनानी ने कहा कि इलेक्ट्रिक वाहनों का चलन तेजी से बढ़ रहा है। प्रधानमंत्री ई-बस सेवा योजना के तहत अजमेर में सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को आधुनिक और पर्यावरण अनुकूल बनाया जा रहा है। अजमेर में कुल 100 इलेक्ट्रिक बसों का संचालन प्रस्तावित है। इनमें से पहले चरण में पांच बसें शुरू की जा चुकी थीं, जबकि अब 20 नई बसों का संचालन शुरू किया गया है।
इन बसों में यात्रियों की सुरक्षा के लिए सीसीटीवी कैमरे, अग्निशमन प्रणाली और आपातकालीन बटन लगाए गए हैं।
बुजुर्गों और दिव्यांग यात्रियों की सुविधा के लिए ऑटोमेटिक गेट की व्यवस्था भी की गई है। नौसर घाटी में करीब 15 करोड़ रुपए की लागत से आधुनिक ई-बस डिपो और चार्जिंग स्टेशन तैयार किया गया है।
नई ई-बसों के निर्धारित मार्गों में अजमेर-किशनगढ़ वाया गेगल, अजमेर-पुष्कर, अजमेर-अरांई वाया किशनगढ़, अजमेर-बोराड़ा वाया रामसर, अजमेर-ब्यावर सिटी और अजमेर-नसीराबाद वाया माखुपुरा सहित 15 मार्ग शामिल हैं। इसके अलावा वरुण सागर-तबीजी, नरवर-वरुण सागर, माखुपुरा-माकड़वाली, भगवंत यूनिवर्सिटी-माखुपुरा, तबीजी-जनाना अस्पताल, माकड़वाली-श्रीनगर-बडलिया, अजमेर-गोविंदगढ़, नौसर-चंद्रवरदाई नगर और अन्य मार्गों पर भी बसों का संचालन होगा।
पूर्व में संचालित पांच ई-बसें अजमेर बस स्टैंड-पुष्कर वाया होकरा, गांधी भवन-टांटोटी वाया नसीराबाद, वरुण सागर-पीसांगन वाया मांगलियावास, अजमेर-बसी वाया पुष्कर तथा अजमेर-नसीराबाद वाया माखुपुरा मार्गों पर चल रही हैं।
इस अवसर पर महापौर अनामिका शर्मा, शहर अध्यक्ष रमेश सोनी, उपायुक्त महावीर सिंह, भरत राज गुर्जर सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित

