home page

अजमेर का नाम अजयमेरु और काजीपुरा का काशीपुरा नाम होगा।

 | 
अजमेर का नाम अजयमेरु और काजीपुरा का काशीपुरा नाम होगा।


अजमेर, 24 नवम्बर(हि.सं.)। राजस्थान विधानसभा अध्यक्ष और अजमेर उत्तर के भाजपा विधायक वासुदेव देवनानी ने कहा कि अजमेर शहर का नाम अजयमेरु और शहरी सीमा से सटे काजीपुरा गांव का नाम काशीपुरा रखने का प्रस्ताव उन्होंने राज्य सरकार के माध्यम से केंद्र सरकार को भिजवाया है। किसी भी शहर के नाम को बदलने के लिए केंद्र सरकार की अनुमति जरूरी है। केंद्र सरकार की अनुमति के लिए उन्होंने विशेष प्रयास किए हैं। चूंकि अजमेर की स्थापना चौहान वंश के राजा अजयराज (अजयदेव) ने की थी, इसलिए अजमेर का नाम अजयमेरु किया जा रहा है।

देवनानी अजमेर जिले में पत्रकारों की अग्रणी संस्था अजयमेरु प्रेस क्लब का 26वां स्थापना दिवस समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में बोल रहे थे।

देवनानी ने कहा कि राजस्व रिकॉर्ड में हाल ही में ऐतिहासिक तारागढ़ दुर्ग का नामांतरण हो गया है, इसलिए हिन्दू सम्राट पृथ्वीराज चौहान का दुर्ग रहा तारागढ़ का भी विकास किया जाएगा। उन्होंने कहा कि उदयपुर को झीलों की नगरी कहा जाता है। जबकि उदयपुर में मात्र तीन झीलें (तालाब) है। इसके मुकाबले में अजमेर में ऐतिहासिक आनासागर और वरुण सागर झील तो है ही, लेकिन अब चाचियावास और लोहागल स्थित तालाबों को भी झीलों के तौर पर विकसित किया जाएगा। चाचियावास झील का विकास कार्य तो शुरू भी हो गया है। यह गर्व की बात है कि अजमेर में उदयपुर से ज्यादा झीले हैं। देवनानी ने बताया कि चाचियावास क्षेत्र में ही 175 बीघा भूमि चिह्नित की गई है। इस भूमि को औद्योगिक क्षेत्र के तौर पर विकसित किया जाएगा। यह क्षेत्र अलवर के निकट भिवाड़ी औद्योगिक क्षेत्र से भी बड़ा होगा। अजमेर में साइंस पार्क जैसे प्रोजेक्ट शुरू हो चुके हैं। लैपर्ड सफारी का काम भी चल रहा है। अजमेर नगर निगम की सीमा को नेशनल हाइवे से जोड़ा गया है। शहर के चारों तरफ रिंग रोड भी बनाई जा रही है। जयपुर वाले प्रवेश द्वार पर पंचतीर्थ स्थान भी विकसित किया जा रहा है। यहां पांच महापुरुषों की आकर्षक प्रतिमाएं लगाई जाएगी। वरुण सागर झील में पूज्य देव वरुण देव की प्रतिमा लगाई जा चुकी है। उनका प्रयास है कि अजमेर आने वाला पर्यटक कम से कम दो तीन दिन अजमेर में ही रुके। उन्होंने कहा कि आजादी के बाद अजमेर को राजस्थान की राजधानी बनना था, लेकिन तब ऐसा नहीं हुआ। अब वे राजधानी न बनने की भरपाई अजमेर में कर रहे हैं।

देवनानी ने कहा कि भौगोलिक दृष्टि से अजमेर राजस्थान के मध्य में है। अजमेर से राजस्थान भर का सफर एक समान है। देवनानी ने कहा कि गुलामी के प्रतीकों को हटाने का अभियान भी चल रहा है, इसलिए किंग एडवर्ड होटल का नाम दयानंद सरस्वती, फॉयसागर झील का नाम वरुण सागर झील रखा गया है। मेरे कार्यकाल में कई अंग्रेजों की विदाई हुई है। आने वाले समय में कुछ और लोगों की विदाई होगी। समारोह में क्लब के अध्यक्ष रमेश अग्रवाल ने क्लब की गतिविधियों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने कहा कि राजस्थान ही नहीं देश भर में संभवत: अजयमेरु प्रेस क्लब एक मात्र प्रेस क्लब होगा, जहां शराब का सेवन निषेध है। समारोह का संचालन वरिष्ठ पत्रकार प्रताप सनकत और अमित टंडन ने किया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संतोष