home page

निकाय चुनाव में सरकार की ओर से देरी नहीं, कानूनी समस्या— खर्रा

 | 
निकाय चुनाव में सरकार की ओर से देरी नहीं, कानूनी समस्या— खर्रा


अजमेर, 09 अप्रैल(हि.स.)। राजस्थान के स्वायत्त शासन मंत्री झाबर सिंह खर्रा ने कहा कि निकाय चुनाव में राज्य सरकार की तरफ से कोई देरी नहीं हो रही है। कानूनी समस्याओं को समझना होगा। उन्होंने कहा कि राजस्थान अभी विकास के मार्ग पर अग्रसर है देखते जाइये आने वाले समय में राजस्थान को लेकर कई शुभ सूचना प्राप्त होंगी।

स्वायत्त शासन मंत्री गुरुवार को जयपुर से जोधपुर जाते हुए कुछ देर के लिए अजमेर के सर्किट हाउस में रुके थे जहां शहर जिला अध्यक्ष भाजपा रमेश सोनी, प्रदेश प्रवक्ता अरविंद गिरधर शर्मा सहित अनेक कार्यकर्ताओं ने उनका अभिनंदन किया। खर्रा ने इस मौके पर मीडिया से बात करते हुए कहा कि निकाय चुनाव में देरी कानूनी समस्या है। उन्होंने बताया कि सर्वोच्च न्यायालय का एक निर्णय है, जब तक त्रिस्तरीय जांच के आधार पर राज्य पिछड़ा वर्ग आयोग की जनसंख्या के सही और सटीक आंकड़े राज्य सरकार को प्रस्तुत नहीं करेंगे तब तक राज्य सरकार पिछड़ा वर्ग को राजनीतिक आरक्षण नहीं दे सकती।

खर्रा ने कहा कि एक दूसरी समस्या भी आ रही है। पिछले दिनों एसआईआर का काम पूरा हो चुका है। राजस्थान उच्च न्यायालय का निर्णय था कि 15 अप्रेल तक चुनाव किए जाए। उसमें राज्य निर्वाचन आयोग ने निर्वाचन नामावली जिससे मतदाता सूची कहते हैं उसको निर्मित करने का कार्यक्रम घोषित किया।

उस समय तक एसआईआर के अंतिम आंकड़े नहीं आए थे। इसलिए उन्होंने पुरानी सूची के आधार पर मतदाता सूची बनाने का कार्यक्रम जारी कर दिया। अब की स्थिति यह हो गई कि एसआईआर में जो नाम कट गए वह निकाय और पंचायत राज के नई सूची में वापस जुड़कर आए तब ही निकाय चुनाव संभव है। इस कानूनी समस्या को भी समझना होगा।

खर्रा ने कहा कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा पीएम नरेन्द्र मोदी के मार्गदर्शन में राजस्थान में विकास के लिए जिस मेहनत के साथ काम कर रहे है उसका प्रभाव पूरा राजस्थान में विकास के कामों के रूप में दिखाई दे रहा है। आने वाले समय में राजस्थान और तेजी से विकास कार्यों के बूते विकसित प्रदेश की ओर बढ़ता दिखाई देगा। उन्होंने कहा कि 21 अप्रेल को ही प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा राजस्थान में रिफाइनरी का शुभारंभ किया जाएगा साथ ही कई अन्य सौगात भी प्रधानमंत्री राजस्थान को देंगे। आने वाले समय में राजस्थान को लेकर भी कई शुभ सूचनाएं प्राप्त होंगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संतोष