(अपडेट) अजमेर मेयर पद के लिए अनामिका शर्मा और किरण गढ़वाल के नामांकन वैध
अजमेर, 17 सितंबर (हि.स.)। नगर निगम अजमेर के महापौर पद के लिए दाखिल दोनों नामांकन पत्रों की संवीक्षा के बाद वैध पाए गए हैं। अब महापौर पद के लिए भारतीय जनता पार्टी की अनामिका शर्मा और इंडियन नेशनल कांग्रेस की किरण गढ़वाल के बीच सीधा मुकाबला होगा।
नगर निगम अजमेर आम चुनाव 2026 के रिटर्निंग अधिकारी अनिल कुमार पूनिया ने बताया कि दोनों प्रत्याशियों के नामांकन पत्र विधिमान्य पाए गए हैं। अभ्यर्थिता वापस लेने की अंतिम तिथि 18 सितंबर को दोपहर तीन बजे तक है। इसी दिन चुनाव चिह्नों का आवंटन किया जाएगा।
महापौर पद के लिए मतदान 21 सितंबर को सुबह 10 बजे से दोपहर दो बजे तक होगा। मतदान समाप्त होने के तुरंत बाद मतगणना की जाएगी। इससे पहले भाजपा प्रत्याशी अनामिका शर्मा की ओर से कांग्रेस प्रत्याशी किरण गढ़वाल के नामांकन पर आपत्ति दर्ज कराए जाने के बाद विवाद की स्थिति बनी थी। दोनों दलों की ओर से इस मामले में बयान दिए गए। पंचशील स्थित नगर निगम कार्यालय में रिटर्निंग अधिकारी ने नामांकन पत्रों की संवीक्षा और संबंधित पक्षों की दलीलों के बाद दोनों नामांकन वैध घोषित कर दिए।
उप महापौर पद का निर्वाचन 22 सितंबर को होगा। इसके लिए बैठक सुबह 10 बजे शुरू होगी। नामांकन पत्र सुबह 11 बजे तक दाखिल किए जा सकेंगे। संवीक्षा सुबह 11.30 बजे से होगी और अभ्यर्थिता वापस लेने का समय दोपहर दो बजे तक रहेगा। आवश्यकता होने पर मतदान दोपहर 2.30 बजे से शाम पांच बजे तक होगा। मतगणना मतदान समाप्त होने के तुरंत बाद की जाएगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संतोष

