अजमेर में ई-बस का नया बेड़ा लाँच, कई मार्गों पर मिलेंगी सुविधा`
अजमेर, 06 नवम्बर(हि.सं.)। धनतेरस के पावन अवसर पर विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने अजमेर शहर एवं ग्रामीण क्षेत्रों के लिए 20 नई प्रधानमंत्री ई-बसों की सौगात दी। उन्होंने शुक्रवार को नौसर स्थित ई-बस स्टैण्ड से इन बसों का शुभारम्भ किया। इन बसों के संचालन से आमजन को किफायती, सुरक्षित एवं प्रदूषणमुक्त सार्वजनिक परिवहन सुविधा उपलब्ध होगी। शहर के साथ-साथ ग्रामीण क्षेत्रों को भी बेहतर परिवहन कनेक्टिविटी मिलेगी।
इस अवसर पर देवनानी ने कहा कि दुनियाभर में इलेक्टि्रक वाहनों का चलन तेजी से बढ़ रहा है। इसी दिशा में प्रधानमंत्री ई-बस सेवा योजना के माध्यम से अजमेर में भी सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को आधुनिक एवं पर्यावरण अनुकूल बनाया जा रहा है। योजना के तहत अजमेर में कुल 100 इलेक्टि्रक बसों का संचालन किया जाना प्रस्तावित है। प्रथम चरण में 5 बसों का संचालन शुरू किया गया था तथा अब धनतेरस के अवसर पर 20 नई बसों की शुरुआत की जा रही है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ई-बस सेवा योजना का उद्देश्य पीपीपी मॉडल के माध्यम से शहरों में इलेक्टि्रक बसों का संचालन कर प्रदूषण कम करना तथा पैट्रोल-डीजल पर निर्भरता घटाना है। इससे आमजन को सस्ती और सुविधाजनक परिवहन सेवा उपलब्ध होने के साथ पर्यावरण संरक्षण को भी बढ़ावा मिलेगा।
देवनानी ने बताया कि आमजन की सुविधा एवं सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए इन वातानुकूलित बसों में सीसीटीवी कैमरे, अग्निशमन सुरक्षा प्रणाली तथा आपातकालीन बटन की व्यवस्था की गई है। दिव्यांगजनों एवं बुजुर्गों की सुविधा के लिए बसों में चढ़ने एवं उतरने हेतु ऑटोमेटिक गेट की सुविधा भी उपलब्ध करवाई गई है।
उन्होंने बताया कि नौसर घाटी में लगभग 15 करोड़ रुपये की लागत से आधुनिक ई-बस डिपो एवं चार्जिंग स्टेशन तैयार किया गया है। यहां बसों की चार्जिंग, रखरखाव एवं संचालन के लिए आधुनिक सुविधाएं विकसित की गई हैं।
शुक्रवार को शुरू की गई नई ई-बसों के लिए निर्धारित मार्गों में वरुण सागर से तबीजी, नरवर से वरुण सागर वाया स्टीफन चौराहा, माखुपुरा से माकड़वाली वाया शास्त्री नगर, अजमेर से पुष्कर वाया लीला सेवड़ी, अजमेर से किशनगढ़ वाया गेगल, भगवंत यूनिवर्सिटी से माखुपुरा वाया कुन्दन नगर, अजमेर से पुष्कर वाया होकरा, अजमेर से अरांई वाया किशनगढ़, अजमेर से बोराड़ा वाया रामसर, तबीजी से जनाना अस्पताल वाया एमडीएस यूनिवर्सिटी, माकड़वाली से श्रीनगर-बडलिया, अजमेर से गोविन्दगढ़ वाया पुष्कर, नौसर से चन्द्रवरदाई नगर वाया रामगंज, अजमेर से ब्यावर सिटी तथा अजमेर से नसीराबाद वाया माखुपुरा शामिल हैं।
पूर्व में शुरू की गई पांच ई-बसें अजमेर बस स्टैण्ड से पुष्कर वाया होकरा, गांधी भवन से टांटोटी वाया नसीराबाद, वरुण सागर से पीसांगन वाया मांगलियावास, अजमेर से बस्सी वाया पुष्कर तथा अजमेर से नसीराबाद वाया माखुपुरा मार्गों पर संचालित हो रही हैं।
इस अवसर पर महापौर अनामिका शर्मा, शहर अध्यक्ष रमेश सोनी, उपायुक्त महावीर सिंह एवं भरत राज गुर्जर सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संतोष

