home page

एआई आधारित दक्षता आंकलन पायलट का दूसरा चरण कल से

 | 
एआई आधारित दक्षता आंकलन पायलट का दूसरा चरण कल से


जोधपुर, 14 अपै्रल (हि.स.)। शिक्षा क्षेत्र में नवाचार को बढ़ावा देते हुए जोधपुर जिले में एआई-आधारित दक्षता आकलन एवं स्कूल रिपोर्टिंग पायलट का दूसरा चरण 15, 16 एवं 17 अप्रैल को आयोजित किया जाएगा। यह आंकलन जिले के सभी सरकारी विद्यालयों में कक्षा 6, 7, 8 एवं 9 में संचालित होगा।

यह पायलट जोधपुर संभागीय आयुक्त, जिला कलक्टर एवं जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी के नेतृत्व में शिक्षा विभाग, जिला शिक्षा अधिकारी, मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी, डाइट जोधपुर एवं विद्यालयों के संयुक्त प्रयासों से संचालित किया जा रहा है। इस आंकलन में कक्षा 5 से 8 के वे विद्यार्थी शामिल होंगे, जो हाल ही में कक्षा 6 से 9 में पदोन्नत हुए हैं। इसके लिए एक तकनीक-सक्षम एवं दक्षता-केंद्रित प्रणाली लागू की जा रही है, जिसमें एआई का उपयोग वस्तुनिष्ठ उत्तरों के मूल्यांकन एवं विद्यार्थी, विद्यालय तथा अभिभावक स्तर पर विस्तृत रिपोर्ट कार्ड तैयार करने के लिए किया जाएगा।

अभिभावकों को पीटीएम में मिलेगा रिपोर्ट कार्ड

इस आंकलन के परिणाम विद्यालय रिपोर्ट कार्ड के माध्यम से मई 2026 में आयोजित होने वाली वर्ष की पहली अभिभावक-शिक्षक बैठक में साझा किए जाएंगे, जिससे अभिभावकों को अपने बच्चों की प्रगति का स्पष्ट एवं विश्लेषणात्मक विवरण प्राप्त होगा। यह पहल शिक्षा प्रणाली में मौजूद विभिन्न चुनौतियों को संबोधित करती है, जिनमें शिक्षकों के लिए दक्षता-आधारित डायग्नोस्टिक डेटा का अभाव, मैन्युअल आकलन के कारण बढ़ता कार्यभार, विद्यार्थियों को सीमित एवं व्यक्तिगत फीडबैक की कमी, अभिभावकों की कम भागीदारी तथा विद्यालय प्रदर्शन की पारदर्शिता का अभाव शामिल हैं। इस पहल के माध्यम से शिक्षकों को डेटा-आधारित शिक्षण में सहायता मिलेगी तथा वे उपचारात्मक शिक्षण पर अधिक ध्यान केंद्रित कर सकेंगे।

हिन्दुस्थान समाचार / सतीश