home page

कड़े सुरक्षा बंदोबस्त के बीच हुई कृषि पर्यवेक्षक भर्ती परीक्षा

 | 
कड़े सुरक्षा बंदोबस्त के बीच हुई कृषि पर्यवेक्षक भर्ती परीक्षा


1100 पदों के लिए अभ्यर्थियों ने आजमाया भाग्य, त्रिस्तरीय सुरक्षा जांच से सख्ती

जोधपुर, 18 अपै्रल (हि.स.)। राज्य में कृषि विभाग के तहत कृषि पर्यवेक्षक के 1100 पदों के लिए शनिवार को भर्ती परीक्षा का आयोजन हुआ। राजस्थान कर्मचारी चयन बोर्ड की ओर से आयोजित इस परीक्षा में 944 नॉन-टीएसपी और 156 टीएसपी क्षेत्र के पद शामिल हैं।

इन पदों पर परीक्षा को लेकर त्रिस्तरीय जांच के बाद अभ्यर्थियों को परीक्षा कक्ष में बैठने की अनुमति दी गई। इस दौरान परीक्षा केंद्र के एंट्री गेट पर ही ड्रेस कोड की पालना कराई गई। परीक्षा सुबह 11 बजे से शुरू हुई, इसके लिए अभ्यर्थियों को सुबह 9 बजे से केंद्रों पर प्रवेश दिया गया। इससे पहले सभी अभ्यर्थियों की त्रिस्तरीय जांच की गई, ताकि किसी भी प्रकार की गड़बड़ी या नकल की संभावना को पूरी तरह खत्म किया जा सके। परीक्षा को पारदर्शी और निष्पक्ष बनाने के लिए सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किया गया।

केंद्रों के मुख्य द्वार पर पुलिस प्रशासन की ओर से फ्रिस्किंग की गई और मेटल डिटेक्टर के जरिए अभ्यर्थियों की जांच की गई। इसके बाद बायोमेट्रिक अटेंडेंस और फेस रिकॉग्निशन तकनीक के जरिए अभ्यर्थियों की पहचान सुनिश्चित की गई। डमी कैंडिडेट की आशंका को खत्म करने के लिए अभ्यर्थियों की बायोमेट्रिक और फेस स्कैनिंग अनिवार्य की गई। इसके अलावा परीक्षा कक्ष में भी निगरानी रखी गई कि कोई अभ्यर्थी प्रतिबंधित सामग्री साथ न लाए।

इस बार कर्मचारी चयन बोर्ड ने गर्मी को देखते हुए ड्रेस कोड में बदलाव किया। साथ ही अभ्यर्थियों को कलावा, जनेऊ, रुद्राक्ष जैसे धार्मिक प्रतीकों को भी पहनने की छूट दी गई। हालांकि, आभूषण पहनकर आने वाले अभ्यर्थियों को परीक्षा केंद्र पर ही उन्हें उतारने के निर्देश दिए गए। जिन अभ्यर्थियों के कपड़ों में मेटल बटन थे, उनकी विशेष जांच के बाद ही उन्हें परीक्षा कक्ष में प्रवेश दिया गया।

हिन्दुस्थान समाचार / सतीश