home page

आमजन दोपहर बारह से तीन बजे के बीच अनावश्यक रूप से न निकले बाहर

 | 
आमजन दोपहर बारह से तीन बजे के बीच अनावश्यक रूप से न निकले बाहर


जयपुर, 23 अप्रैल (हि.स.)। प्रदेश में लगातार बढ़ते तापमान और संभावित लू (हीटवेव) की स्थिति को देखते हुए राज्य सरकार ने आमजन के लिए विस्तृत एडवाइजरी जारी की है। आपदा प्रबंधन, सहायता एवं नागरिक सुरक्षा विभाग ने नागरिकों, नियोक्ताओं और पशुपालकों को आवश्यक सावधानियां अपनाने के निर्देश दिए हैं, ताकि गर्मी के दुष्प्रभावों से बचा जा सके।

उप शासन सचिव शैफाली कुशवाहा ने बताया कि “गर्मी/लू-ताप की लहर (क्या करें और क्या न करें)” विषयक दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं। विभाग ने विशेष रूप से बच्चों, बुजुर्गों, गर्भवती महिलाओं और बीमार व्यक्तियों का अतिरिक्त ध्यान रखने की सलाह दी है।

एडवाइजरी के अनुसार लोगों को नियमित रूप से मौसम की जानकारी प्राप्त करते रहना चाहिए। दिनभर पर्याप्त मात्रा में पानी पीने के साथ ओआरएस, लस्सी, छाछ और नींबू पानी जैसे पेय पदार्थों का सेवन करने की सलाह दी गई है। धूप में निकलते समय हल्के रंग के ढीले सूती कपड़े पहनें तथा सिर को कपड़े, टोपी या छाते से ढककर रखें। आंखों और त्वचा की सुरक्षा के लिए धूप का चश्मा और सनस्क्रीन का उपयोग करने की भी सलाह दी गई है।

विभाग ने दोपहर 12 से 3 बजे के बीच अनावश्यक रूप से बाहर न निकलने की अपील की है। खाली पेट या भारी भोजन कर धूप में जाने से बचें। साथ ही शराब, चाय, कॉफी और कार्बोनेटेड पेय पदार्थों के सेवन से परहेज करने को कहा गया है, क्योंकि ये शरीर में पानी की कमी बढ़ाते हैं।

नियोक्ताओं को निर्देश दिए गए हैं कि कार्यस्थलों पर शीतल पेयजल, ओआरएस और प्राथमिक उपचार की व्यवस्था सुनिश्चित करें। श्रमिकों के लिए छायादार स्थान उपलब्ध कराए जाएं और भारी काम सुबह या शाम के समय ही कराया जाए। साथ ही हीट स्ट्रेस के लक्षणों के प्रति जागरूकता भी बढ़ाने को कहा गया है।

पशुपालकों को पशुओं को छायादार स्थान पर रखने और स्वच्छ ठंडे पानी की पर्याप्त व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए हैं। दोपहर 11 बजे से शाम 4 बजे तक पशुओं से काम नहीं लेने की सलाह दी गई है। शेड की छतों को ठंडा रखने के लिए पुआल या चूने का उपयोग करने और हरे चारे के साथ मिनरल मिक्स देने पर भी जोर दिया गया है।

यदि किसी व्यक्ति को चक्कर, कमजोरी, सिरदर्द या अत्यधिक पसीना आए तो उसे तुरंत ठंडे स्थान पर ले जाकर गीले कपड़े से शरीर ठंडा करें और ओआरएस या नींबू पानी दें।

गंभीर स्थिति जैसे बेहोशी या तेज बुखार होने पर तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र ले जाएं या आपातकालीन सेवाओं 108 या 112 पर संपर्क करें।

राज्य सरकार ने आमजन से अपील की है कि वे जारी दिशा-निर्देशों का पालन कर खुद को और अपने परिवार को सुरक्षित रखें।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित