जयपुर में मिलावटी दूध-मावा का भंडाफोड़
जयपुर, 19 अप्रैल (हि.स.)। जयपुर प्रथम चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग ने मिलावटी खाद्य पदार्थों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए जयपुर ग्रामीण जिले के सामोद थाना इलाके में स्थित चितवाड़ी क्षेत्र में सघन निरीक्षण अभियान चलाया।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी, जयपुर प्रथम डॉ. रवि शेखावत के नेतृत्व में खाद्य सुरक्षा अधिकारियों की टीम ने कार्रवाई के दौरान करीब 400 लीटर दूध और 105 किलोग्राम मावा प्रथम दृष्टया संदिग्ध एवं असुरक्षित पाया। खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम 2006 के प्रावधानों के तहत इन खाद्य पदार्थों को मौके पर ही नष्ट करवाया गया।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी, जयपुर प्रथम डॉ. रवि शेखावत ने बताया कि यह विशेष प्रवर्तन अभियान खाद्य सुरक्षा एवं औषधि नियंत्रण विभाग राजस्थान के आयुक्त डॉ. टी. शुभ मंगला के निर्देशानुसार 13 अप्रैल से 19 अप्रैल 2026 तक संचालित किया जा रहा है। अभियान के तहत जिलेभर में निरंतर निरीक्षण और सख्त कार्रवाई की जा रही है।
कार्रवाई में खाद्य सुरक्षा अधिकारी विनोद कुमार शर्मा, नरेश कुमार चेजारा, नरेंद्र शर्मा, अमित शर्मा एवं पवन कुमार गुप्ता शामिल रहे। निरीक्षण के दौरान संबंधित विक्रेताओं एवं प्रतिष्ठानों के विरुद्ध नियमानुसार विधिक कार्रवाई प्रारंभ कर दी गई है तथा उन्हें खाद्य सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन करने के निर्देश दिए गए हैं।
विभाग ने आमजन से अपील की है कि वे खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता को लेकर सतर्क रहें और किसी भी प्रकार की मिलावट या संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत विभाग को दें, ताकि त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।
चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग ने स्पष्ट किया है कि आमजन को शुद्ध एवं सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के उद्देश्य से इस प्रकार की सघन प्रवर्तन कार्रवाई आगे भी निरंतर जारी रहेगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश

