आमने-सामने भिड़ीं एक्टिवा और बाइक, दादी-पोते समेत तीन की मौत
अजमेर, 23 नवंबर (हि.स.)। भिनाय थाना क्षेत्र में सोमवार शाम एक सड़क हादसे ने तीन परिवारों में मातम पसरा दिया। बांदनवाड़ा से सूरजपुरा की ओर जाने वाले मार्ग पर शाम को एक्टिवा और पल्सर बाइक की आमने-सामने भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों वाहनों पर सवार तीनों लोग उछलकर सड़क पर जा गिरे। हादसे में दादी-पोते समेत तीन लोगों की मौत हो गई।
हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल घायलों को संभाला और उन्हें बांदनवाड़ा अस्पताल पहुंचाया, लेकिन चिकित्सकों ने जांच के बाद तीनों को मृत घोषित कर दिया।
थाना प्रभारी सुरेंद्र सिंह के अनुसार बांदनवाड़ा निवासी हरिओम (18) पुत्र नारायण अपनी दादी चंदा देवी (60) पत्नी पाचू के साथ रिश्तेदार से मिलकर घर लौट रहा था। दोनों एक्टिवा से सूरजपुरा से बांदनवाड़ा की ओर आ रहे थे। इसी दौरान सामने से आ रही पल्सर बाइक से उनकी जोरदार भिड़ंत हो गई।
पल्सर पर सेंदरिया निवासी धनराज (25) पुत्र नारायण सवार था। वह बांदनवाड़ा से सेंदरिया की तरफ जा रहा था। धनराज डीजे का काम करता था। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी तेज थी कि तीनों सवार वाहन से उछलकर दूर जा गिरे। हादसे में चंदा देवी सड़क के दूसरी तरफ झाड़ियों में जा गिरीं। उन्हें ढूंढने और झाड़ियों से बाहर निकालने में स्थानीय लोगों को काफी मशक्कत करनी पड़ी।
हादसे की सूचना मिलने पर भिनाय थाना पुलिस मौके पर पहुंची।
थाना प्रभारी ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और दुर्घटना के कारणों की जानकारी जुटाई। पुलिस ने तीनों शवों को अस्पताल की मोर्चरी में रखवाकर परिजनों को सूचना दी। आमने-सामने की टक्कर इतनी भीषण थी कि एक्टिवा और पल्सर दोनों वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। पुलिस ने दुर्घटना की जांच शुरू कर दी है और हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है। मंगलवार को आवश्यक कार्रवाई के बाद शव परिजनों को सौंपे जाएंगे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित

