home page

जयपुर में यूडी टैक्स बकाया पर 21 संपत्तियों पर कार्रवाई, 32.68 लाख की वसूली

 | 
जयपुर में यूडी टैक्स बकाया पर 21 संपत्तियों पर कार्रवाई, 32.68 लाख की वसूली


जयपुर, 24 मार्च (हि.स.)। नगर निगम जयपुर के सिविल लाइन जोन में नगरीय विकास कर (यूडी टैक्स) बकाया होने पर मंगलवार को 21 संपत्तियों के खिलाफ कुर्की की कार्रवाई की गई। इस दौरान 12 संपत्ति धारकों ने मौके पर ही 32 लाख 68 हजार 488 रुपये की बकाया राशि जमा करवाई, जबकि 9 संपत्तियों को कुर्क किया गया।

उपायुक्त सिविल लाइन जोन देवानंद शर्मा के नेतृत्व में हुई कार्रवाई में राजस्व अधिकारी प्रशांत लखन, सहायक राजस्व निरीक्षक सत्य नारायण सहित राजस्व टीम मौजूद रही।

उपायुक्त शर्मा ने बताया कि कुर्की की कार्रवाई से पहले ही 12 संपत्ति धारकों ने राज्य सरकार द्वारा ब्याज और पेनल्टी पर दी जा रही छूट का लाभ उठाते हुए अपनी बकाया राशि निगम कोष में जमा करवा दी। उन्होंने बताया कि बनीपार्क, सोडाला, शास्त्री नगर, संतोष नगर और सी-स्कीम सहित विभिन्न क्षेत्रों में स्थित बकायेदारों की संपत्तियों पर कुर्की की कार्रवाई की गई। निगम की ओर से बकाया वसूली के लिए अभियान आगे भी जारी रहेगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश