home page

ट्रेन की पेंट्री कार में गैर-अनुमोदित ब्रांड के पेयजल पर कार्रवाई

 | 
ट्रेन की पेंट्री कार में गैर-अनुमोदित ब्रांड के पेयजल पर कार्रवाई


काेटा, 26 नवंबर (हि.स.)। रेल यात्रियों को गुणवत्तापूर्ण खानपान एवं रेलवे द्वारा अनुमोदित ब्रांड का पैकेज्ड पेयजल उपलब्ध कराना सुनिश्चित करने के लिए कोटा मंडल के वाणिज्य विभाग द्वारा ट्रेनों की पेंट्री कारों का नियमित निरीक्षण किया जा रहा है।

वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक सौरभ जैन ने बताया कि इसी क्रम में शामगढ़ के वाणिज्य निरीक्षक राजेश मीणा द्वारा गाड़ी संख्या 19037 अवध एक्सप्रेस की पेंट्री कार का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान गैर-अनुमोदित ब्रांड की पानी की बोतलें पाए जाने की सूचना वाणिज्य नियंत्रण कार्यालय एवं खानपान निरीक्षक, कोटा को दी गई।

ट्रेन के कोटा रेलवे स्टेशन पहुंचने पर उप स्टेशन अधीक्षक (वाणिज्य) विकास गुप्ता एवं उनकी टीम द्वारा नियमानुसार कार्रवाई करते हुए गैर-अनुमोदित ब्रांड की पानी की 29 पेटियां जब्त की गईं।

यात्री हितों को ध्यान में रखते हुए मंडल में खानपान एवं पेयजल की बिक्री संबंधी निर्धारित मानकों का अनुपालन सुनिश्चित करने के लिए नियमित रूप से इस प्रकार की जांच एवं कार्रवाई की जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजीव