home page

घर को स्वर्ग बनाइए, बाप की कड़वी दवा ही जीवन की सीढ़ी - आचार्य पुलक सागर

 | 
घर को स्वर्ग बनाइए, बाप की कड़वी दवा ही जीवन की सीढ़ी - आचार्य पुलक सागर


चित्तौड़गढ़, 08 जुलाई (हि.स.)। सकल दिगंबर जैन समाज की ओर से आचार्य विद्यासागर मांगलिक धाम में आयोजित ज्ञान गंगा महोत्सव के अंतर्गत बुधवार को राष्ट्रीय संत आचार्य पुलक सागर महाराज ने धर्मसभा को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि स्वर्ग की तलाश मंदिरों में नहीं, बल्कि अपने घर में करनी चाहिए। जीवन और परिवार का वातावरण प्रेम, संस्कार और सद्भाव से भर जाए तो वही वास्तविक स्वर्ग है। उन्होंने कहा कि मंदिर से लौटने के बाद यदि आचरण में परिवर्तन नहीं आता तो पूजा अधूरी है।

आचार्य पुलक सागर ने पिता के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि पिता भले कठोर प्रतीत होते हों, लेकिन उनका अनुशासन संतान के उज्ज्वल भविष्य का आधार बनता है। जैसे बीमारी में कड़वी दवा लाभ पहुंचाती है, उसी प्रकार पिता की कठोर बातें भी जीवन को सही दिशा देती हैं। उन्होंने लोगों से अनाथ आश्रम जाकर वहां के बच्चों की स्थिति देखने की अपील करते हुए कहा कि आर्थिक कठिनाइयों के बावजूद माता-पिता का स्नेह सबसे बड़ा संबल होता है। उन्होंने कहा कि व्यक्ति दो प्रकार से बूढ़ा होता है—एक उम्र के कारण और दूसरा संतान की उपेक्षा के कारण। उन्होंने सभी से पहले अच्छा इंसान बनने का आह्वान करते हुए कहा कि यही परिवार, समाज और राष्ट्र की सुदृढ़ नींव है।

सकल दिगंबर जैन समाज के महामंत्री डॉ. ज्ञान सागर जैन ने बताया कि धर्मसभा के प्रारंभ में दीप प्रज्ज्वलन, पादप्रक्षालन और शास्त्र भेंट का कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें उम्मेदमल गंगवाल, दिलीप सोगानी, सुनील पाटनी, मुकेश सोगानी और अनुज जैन परिवार सहित कई श्रद्धालुओं ने सहभागिता निभाई। कार्यक्रम में विभिन्न समाजों के बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे।

मीडिया प्रभारी चंद्रेश जैन ने बताया कि संयम दल के युवाओं ने आचार्य श्री का श्रीफल भेंट कर स्वागत किया। इस अवसर पर महावीर मंजू बेद, अनुपम प्रीति सोनी, शैलेश अभिलाषा पाटनी, राहिल श्वेता अजमेरा, दीपेश रेणु जैन, दर्शन मुस्कान बोहरा तथा अमन कनिका पाटनी सहित अनेक युवा मौजूद रहे।

धर्मसभा में जैन समाज की एकता का भी संदेश देखने को मिला। श्वेतांबर जैन समाज के संतों एवं साध्वियों ने कार्यक्रम में पहुंचकर आचार्य पुलक सागर महाराज का आशीर्वाद प्राप्त किया। सकल दिगंबर जैन समाज की ओर से उनका सम्मान और अभिनंदन किया गया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अखिल