home page

दूध का टैंकर रिवर्स लेते चपेट में आया व्यक्ति, मौत

 | 
दूध का टैंकर रिवर्स लेते चपेट में आया व्यक्ति, मौत


उदयपुर, 21 अप्रैल (हि.स.)। उदयपुर जिले के सायरा थाना क्षेत्र के सुआवतों का गुढ़ा गांव में मंगलवार सुबह एक दर्दनाक हादसा हो गया। दूध से भरे टैंकर को रिवर्स लेते समय पलंग पर सो रहा व्यक्ति उसकी चपेट में आ गया, जिससे उसकी मौत हो गई। घटना के बाद चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया।

पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान फतह सिंह राजपूत (55) के रूप में हुई है। वह सुबह अपने घर के बाहर आम के पेड़ के नीचे पलंग पर सो रहा था। इसी दौरान बाड़े में खड़े दूध से भरे टैंकर को चालक भगत सिंह राजपूत, निवासी नरसिंहदासजी का गुढ़ा, स्टार्ट कर आगे-पीछे कर रहा था। चालक ने लापरवाही बरतते हुए टैंकर को तेज गति से रिवर्स में लिया, जिसकी चपेट में फतह सिंह आ गया। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद चालक मौके से फरार हो गया।

सूचना मिलते ही परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंचे तथा घायल को तुरंत गोगुन्दा अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया है।

मृतक के पुत्र गोवर्धन सिंह ने चालक पर लापरवाही से वाहन चलाने का आरोप लगाते हुए सख्त कार्रवाई की मांग की है। इधर, पुलिस ने टैंकर को जब्त कर लिया है और मामला दर्ज कर फरार चालक की तलाश शुरू कर दी है।

हिन्दुस्थान समाचार / सुनीता