जयपुर-अजमेर हाईवे पर ट्रेलर में घुसी श्रद्धालुओं से भरी ट्रैवलर, 3 की मौत; 18 घायल
जयपुर, 24 अक्टूबर (हि.स.)। सांवलिया सेठ के दर्शन की आस लेकर निकले श्रद्धालुओं का सफर शुक्रवार देर रात हादसे में बदल गया। जयपुर-अजमेर राष्ट्रीय राजमार्ग पर बगरू पुलिया से उतरते समय श्रद्धालुओं से भरी एक ट्रैवलर आगे चल रहे ट्रेलर में जा घुसी। टक्कर इतनी भीषण थी कि ट्रैवलर में सवार तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 18 यात्री घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। घायलों को उपचार के लिए जयपुर के सवाई मानसिंह अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इनमें एक घायल की हालत गंभीर बताई गई है।
बगरू थाने के एसएचओ चंद्रभान ने बताया कि हादसा शुक्रवार देर रात करीब 1:50 बजे हुआ। ट्रैवलर में महाराष्ट्र के नासिक के 28 श्रद्धालु सवार थे। सभी जयपुर से चित्तौड़गढ़ स्थित सांवलिया सेठ मंदिर के दर्शन के लिए जा रहे थे। इसी दौरान बगरू पुलिया से नीचे उतरते समय ट्रैवलर अनियंत्रित होकर आगे चल रहे ट्रेलर से टकरा गई। टक्कर के कारण वाहन में आगे बैठे यात्रियों को गंभीर चोटें आईं।
हादसे में घायल यात्री प्रवीण के अनुसार, श्रद्धालु रात करीब 10:30 बजे जयपुर से रवाना हुए थे।
उसने बताया कि यात्रियों ने चालक को रात में वाहन चलाने से मना भी किया था, लेकिन वह नहीं माना। प्रवीण ने चालक पर शराब पीकर वाहन चलाने का आरोप भी लगाया है। यात्रियों के मुताबिक, बगरू पुलिया से उतरते समय ट्रैवलर अचानक अनियंत्रित हुई और आगे चल रहे ट्रेलर में जा भिड़ी।
टक्कर के बाद ट्रैवलर में सवार यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। हादसे में तीन लोगों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। मरने वालों की पहचान महेन्द्र, संदीप और दीपक के रूप में हुई है। हादसे में 18 यात्री घायल हो गए।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल पहुंचाने की व्यवस्था की। सभी घायलों को जयपुर के सवाई मानसिंह अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार जारी है। एक घायल की हालत गंभीर बताई गई है।
बगरू थाना पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, ट्रैवलर आगे चल रहे ट्रेलर से टकराई थी। पुलिस दुर्घटना की परिस्थितियों और चालक पर लगाए गए आरोपों की जांच करेगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित

