ट्रेलर ने बाइक सवार युवक-युवती को कुचला
जयपुर, 16 जून (हि.स.)। राजधानी जयपुर के हरमाड़ा थाना क्षेत्र में मंगलवार सुबह एक भीषण सड़क हादसे में बाइक सवार युवक और युवती की मौके पर ही मौत हो गई। हादसा नींदड़ मोड़ के पास उस समय हुआ, जब तेज रफ्तार सीमेंट से भरे ट्रेलर ने बाइक को पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर के बाद दोनों सड़क पर गिर पड़े और ट्रेलर के पहियों के नीचे आ गए। दुर्घटना इतनी भयावह थी कि दोनों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
पुलिस के अनुसार चौमूं से जयपुर की ओर आ रहा सीमेंट से भरा ट्रेलर नींदड़ मोड़ के पास आगे चल रही बाइक से टकरा गया। टक्कर लगते ही बाइक सवार युवक और युवती सड़क पर गिर गए। इससे पहले कि वे संभल पाते, ट्रेलर उन्हें कुचलता हुआ आगे निकल गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में लोग घटनास्थल पर एकत्र हो गए।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि दुर्घटना इतनी अचानक और भयावह थी कि किसी को दोनों की मदद करने का अवसर तक नहीं मिल सका। सूचना मिलने पर हरमाड़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया।
चालक वाहन छोड़कर फरार
दुर्घटना के बाद ट्रेलर चालक वाहन को मौके पर छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने ट्रेलर को जब्त कर लिया है तथा चालक की तलाश शुरू कर दी है। आरोपित चालक की पहचान और गिरफ्तारी के लिए पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है।
प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाना हादसे का प्रमुख कारण माना जा रहा है। पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है।
पुलिस के अनुसार मृतक युवक और युवती की तत्काल पहचान नहीं हो सकी है। दोनों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए कांवटिया अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया है। पुलिस बाइक के पंजीकरण नंबर तथा अन्य उपलब्ध दस्तावेज के आधार पर उनकी शिनाख्त करने का प्रयास कर रही है। पहचान होने के बाद परिजनों को सूचना दी जाएगी।
हादसे के बाद क्षेत्र के लोगों में भारी आक्रोश देखने को मिला। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि नींदड़ मोड़ और आसपास के मार्गों पर भारी वाहनों की तेज रफ्तार लंबे समय से दुर्घटनाओं का कारण बन रही है। लोगों ने प्रशासन से इस मार्ग पर सख्त यातायात नियंत्रण, स्पीड मॉनिटरिंग और नियमित पुलिस निगरानी की मांग की है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश

