home page

समाज के विकास को जमीनी स्तर पर गति देने की तैयारी

 | 
समाज के विकास को जमीनी स्तर पर गति देने की तैयारी


जोधपुर, 05 अक्टूबर (हि.स.)। श्री गौतम सभा जोधपुर के निर्विरोध अध्यक्ष नरेश जाजड़ा ने समाज के विकास को लेकर आगामी कार्ययोजना की जानकारी देते हुए कहा कि सभा का उद्देश्य केवल योजनाएं बनाना नहीं, बल्कि उन्हें जमीनी स्तर पर प्रभावी रूप से लागू करना है। समाज की वास्तविक जरूरतों को समझकर शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार, छात्रावास, खेलकूद और सामाजिक सेवा के क्षेत्र में प्राथमिकता तय कर कार्य किए जाएंगे।

जाजड़ा ने बताया कि कार्ययोजना तैयार करने से पहले समाज के लोगों की जनगणना करवाई जाएगी, ताकि समाज की वास्तविक सामाजिक एवं आर्थिक स्थिति का व्यवस्थित आंकड़ा उपलब्ध हो सके। इसमें परिवारों, विद्यार्थियों, शिक्षा, रोजगार, व्यवसाय और अन्य आवश्यक सामाजिक पहलुओं से संबंधित जानकारी जुटाई जाएगी। इस आंकड़े के आधार पर समाज की जरूरतों को चिन्हित कर भविष्य की योजनाएं तैयार की जाएंगी, जिससे सेवा कार्य वास्तविक आवश्यकता के अनुरूप किए जा सकें। शिक्षा को समाज के विकास का आधार मानते हुए बालिका शिक्षा पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। सरदारपुरा स्थित बालिका छात्रावास के विस्तार और सुविधाओं के विकास के साथ बालिकाओं के लिए बेहतर कोचिंग व्यवस्था उपलब्ध कराने की दिशा में कार्य किया जाएगा। इसके साथ ही संभाग स्तर पर छात्रावासों के विस्तार की योजना पर भी काम किया जाएगा, ताकि समाज के विद्यार्थियों को शिक्षा के लिए बेहतर आवासीय सुविधाएं मिल सकें। विद्यार्थियों के भविष्य को ध्यान में रखते हुए प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए कोचिंग, मार्गदर्शन और अध्ययन सुविधाओं की व्यवस्थित व्यवस्था विकसित की जाएगी। वहीं वेद विद्यालय के विकास के माध्यम से शिक्षा के साथ संस्कार, संस्कृति और वैदिक परंपराओं को बढ़ावा देने का प्रयास किया जाएगा। जाजड़ा ने कहा कि समाज की संस्थाओं का संरक्षण और उनका विकास भी सभा की प्राथमिकताओं में शामिल है। इसी क्रम में स्वर्ग आश्रम के जीर्णोद्धार तथा श्री गौतम सभा हॉस्टल के जीर्णोद्धार के लिए कार्ययोजना तैयार कर चरणबद्ध तरीके से आवश्यक कार्य करवाए जाएंगे।

इन संस्थाओं में सुविधाओं का विकास कर उन्हें समाज के लिए अधिक उपयोगी बनाने का प्रयास किया जाएगा। सभा की सदस्यता व्यवस्था को आधुनिक और व्यवस्थित बनाने के लिए वेबसाइट एवं मोबाइल ऐप के माध्यम से सदस्यता की सुविधा विकसित की जाएगी। हर वर्ष श्री गौतम सभा की आमसभा आयोजित की जाएगी। आमसभा में समाज के विभिन्न मुद्दों पर खुलकर चर्चा होगी और सदस्यों के सुझाव लिए जाएंगे।

हिन्दुस्थान समाचार / सतीश