home page

‘आरंभ’ इच्छाओं के सम्मान की दिशा में महत्वपूर्ण कदम : राज्यपाल

 | 
‘आरंभ’ इच्छाओं के सम्मान की दिशा में महत्वपूर्ण कदम : राज्यपाल


जयपुर, 10 अक्टूबर (हि.स.)। भगवान महावीर कैंसर हॉस्पिटल (बीएमसीएच) में विश्व हॉस्पिस एवं पैलिएटिव केयर दिवस के अवसर पर शनिवार को प्रदेश के पहले ‘आरंभ’ लिविंग विल काउंसलिंग सेंटर की शुरुआत हुई। राज्यपाल हरिभाऊ किसानराव बागडे ने सेंटर के पोस्टर का विमोचन किया। उन्होंने कहा कि यह पहल लिविंग विल के प्रति सामाजिक जागरूकता बढ़ाने, लोगों को विश्वसनीय मार्गदर्शन उपलब्ध कराने और इस विषय पर व्यवस्थित संवाद को आगे बढ़ाने में सहायक होगी। ‘आरंभ’ इच्छाओं के सम्मान की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।

सेंटर का शुभारंभ अस्पताल परिसर में अध्यक्ष नवरतन कोठारी और वरिष्ठ उपाध्यक्ष अनिला कोठारी ने किया। इस अवसर पर अस्पताल के अधिशासी निदेशक मेजर जनरल एससी पारीक, चिकित्सा निदेशक डॉ. गीतांजलि अग्रवाल जोशी, पैलिएटिव केयर विभाग की निदेशक डॉ. अंजुम खान जोड़ सहित चिकित्सक और कर्मचारी मौजूद रहे।

डॉ. गीतांजलि अग्रवाल जोशी ने बताया कि ‘आरंभ’ के माध्यम से लोगों को लिविंग विल के महत्व, इसे तैयार करने की प्रक्रिया, कानूनी औपचारिकताओं और चिकित्सा संबंधी निर्णयों के विभिन्न पहलुओं की जानकारी दी जाएगी। इसका उद्देश्य लोगों को अपनी चिकित्सा संबंधी इच्छाएं समय रहते स्पष्ट करने के लिए जागरूक करना है, ताकि गंभीर बीमारी या जीवन के अंतिम चरण में स्वयं निर्णय लेने में असमर्थ होने की स्थिति में उनकी इच्छाओं का ध्यान रखा जा सके।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश