home page

आप ने मुख्य निर्वाचन आयुक्त के इस्तीफे की मांग को लेकर जयपुर में प्रदर्शन किया

 | 
आप ने मुख्य निर्वाचन आयुक्त के इस्तीफे की मांग को लेकर जयपुर में प्रदर्शन किया


आप ने मुख्य निर्वाचन आयुक्त के इस्तीफे की मांग को लेकर जयपुर में प्रदर्शन किया


जयपुर, 02 अक्टूबर (हि.स.)। लोकतंत्र, संविधान और मताधिकार की रक्षा की मांग को लेकर आम आदमी पार्टी (आप) राजस्थान ने शुक्रवार को जयपुर के शहीद स्मारक पर प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग की।

प्रदर्शन में आप राजस्थान की सह-प्रभारी डॉ. नीतू मान, महेश खींची, सत्यवान राणा, प्रदेश महासचिव संगठन विश्वेंद्र सिंह, प्रदेश सचिव जुगल किशोर शर्मा और नवीन पालीवाल, जयपुर जिला अध्यक्ष अमित दधीचि तथा जिला प्रभारी अर्चित गुप्ता सहित पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल हुए।

डॉ. नीतू मान ने एसआईआर प्रक्रिया को लेकर सवाल उठाते हुए कहा कि यदि यह पूरी तरह निष्पक्ष प्रक्रिया है तो इसका राजनीतिक लाभ केवल भाजपा को मिलता हुआ क्यों दिखाई दे रहा है। उन्होंने दिल्ली, बिहार और पश्चिम बंगाल सहित विभिन्न राज्यों में चुनावी प्रक्रिया और मतदाता सूचियों को लेकर उठे सवालों पर निर्वाचन आयोग से जनता के सामने स्थिति स्पष्ट करने की मांग की।

प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच धक्का-मुक्की भी हुई। बाद में पुलिस अधिकारियों से बातचीत के बाद आप नेताओं को राज्यपाल के नाम ज्ञापन देने के लिए बुलाया गया। प्रदेश महासचिव विश्वेंद्र सिंह सहित पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारियों ने ज्ञापन सौंपा। इसमें एसआईआर प्रक्रिया में पारदर्शिता, मतदाता सूची की स्वतंत्र जांच, पात्र मतदाताओं के मताधिकार की सुरक्षा और मुख्य निर्वाचन आयुक्त के इस्तीफे सहित विभिन्न मांगें रखी गईं।

प्रदेश महासचिव विश्वेंद्र सिंह ने कहा कि जनता का वोट किसी राजनीतिक दल की संपत्ति नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का संवैधानिक अधिकार है। उन्होंने कहा कि इस अधिकार की रक्षा के लिए पार्टी लोकतांत्रिक तरीके से अपना संघर्ष जारी रखेगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश