home page

आप बीकानेर निगम के सभी वार्डों में प्रत्याशी उतारकर पूरी ताकत से चुनाव लड़ेंगी

 | 
आप बीकानेर निगम के सभी वार्डों में प्रत्याशी उतारकर पूरी ताकत से चुनाव लड़ेंगी


बीकानेर, 20 अगस्त (हि.स.)। आम आदमी पार्टी ने गुरुवार काे बीकानेर से अपनी चुनावी रणनीति का ऐलान कर दिया। निकाय चुनाव काे लेकर पार्टी ने घाेषणा की है कि वह सभी 80 वार्डों में प्रत्याशी उतारकर पूरी ताकत से चुनाव लड़ेगी। इसके लिए बाकायदा संगठनात्मक तैयारियां भी तेज कर दी गई हैं और जिला चुनाव समिति का गठन भी किया जा चुका है। पार्टी ने प्रत्येक वार्ड में मजबूत स्थानीय चेहरे की तलाश शुरू कर दी है।

बीकानेर आए आम आदमी पार्टी के राजस्थान प्रदेश सह-प्रभारी त्रिलोक दीप ने पत्रकाराें से बातचीत में कहा कि नगर निकाय चुनाव किसी एक व्यक्ति का चुनाव नहीं, बल्कि वार्ड और वहां रहने वाले लोगों के भविष्य का चुनाव है। प्रत्येक वार्ड से ऐसे ईमानदार, कर्मठ, शिक्षित और जनसेवा के प्रति समर्पित व्यक्ति को आगे आना चाहिए, जो स्थानीय समस्याओं को समझता हो। उन्होंने कहा कि पार्टी बाहर से किसी चेहरे को थोपने के बजाय वार्ड के भीतर से ही नेतृत्व तैयार करना चाहती है। जो लोग वर्षों से अपने क्षेत्र के लोगों के सुख-दुख में साथ रहे हैं और स्थानीय समस्याओं के समाधान के लिए आवाज उठाते रहे हैं, उन्हें राजनीति में आगे आने का अवसर मिलना चाहिए।

त्रिलोक दीप ने कहा, “यह केवल पार्षद चुनने का चुनाव नहीं है, बल्कि यह तय करने का चुनाव है कि अगले पांच साल आपके वार्ड की आवाज कौन बनेगा।”

जिलाध्यक्ष मोहन सिंह राठौड़ ने कहा कि पार्टी का प्रयास है कि सभी वार्डों में ऐसे प्रत्याशी उतारे जाएं, जो जनता के बीच से आए हों और अपने क्षेत्र की वास्तविक समस्याओं को जानते हों। ऐसे स्थानीय चेहरों को प्राथमिकता दी जाएगी जो चुनाव के दौरान ही नहीं, बल्कि पूरे पांच साल जनता के बीच रहकर काम करने की सोच रखते हों।

जिला महासचिव प्रोफेसर सलवीर समेजा ने कहा कि पार्टी का लक्ष्य सिर्फ चुनाव लड़ना नहीं, बल्कि प्रत्येक वार्ड में मजबूत संगठन और जनसंपर्क तैयार करना भी है। उन्होंने युवाओं, सामाजिक कार्यकर्ताओं और आम नागरिकों से राजनीति में आगे आने का आह्वान किया। पार्टी ने कहा कि वार्ड की सड़क, सफाई, पानी, स्ट्रीट लाइट, नाली, पार्क, यातायात सहित स्थानीय समस्याओं को लेकर सक्रिय रहने वाले लोग पार्टी की टिकट के लिए अपनी दावेदारी पेश कर सकते हैं।

इस दौरान हनुमान चौधरी, पवन ठाकुर, दिनेशल खोटिया सहित पार्टी के अन्य पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजीव