65 वर्षीय बुजुर्ग को स्लिप डिस्क की समस्या से मिली निजात
जयपुर, 03 सितंबर (हि.स.)। प्रियुष मल्टीस्पेशलिटी हॉस्पिटल के चिकित्सकों ने स्लिप डिस्क की दुर्लभ समस्या से जूझ रहे 65 वर्षीय बुजुर्ग को दर्द रहित नया जीवन दिया है। सीनियर न्यूरो सर्जन डॉ. योगेश गुप्ता के निर्देशन में मरीज की चार लेवल पर एंडोस्कोपिक सर्जरी सफलतापूर्वक की गई। डॉ. गुप्ता ने बताया कि मरीज लंबे समय से कमर दर्द और पैरों में कमजोरी से परेशान था। जांच में सामने आया कि स्पाइनल कॉर्ड में चार अलग-अलग स्थानों पर डिस्क बाहर निकली हुई थी, जो नसों पर दबाव बना रही थी। सभी जांचों के बाद यूनिलेटरल बाइपोर्टल एंडोस्कोपिक (यूबीई) तकनीक से सर्जरी का निर्णय लिया गया। करीब दो घंटे तक चली इस जटिल सर्जरी को सफलतापूर्वक अंजाम दिया गया। डॉ. गुप्ता ने बताया कि सामान्यतः यूबीई सर्जरी एक या दो लेवल पर ही की जाती है। चार लेवल पर एक साथ इस तकनीक से सर्जरी प्रदेश में संभवतः पहली बार की गई है। यह उपलब्धि अत्याधुनिक तकनीक के क्षेत्र में बड़ी सफलता है। इस तकनीक की सबसे बड़ी खासियत यह रही कि बिना बड़ा चीरा लगाए, बिना रॉड फिक्सेशन और बिना अधिक ब्लड लॉस के मरीज की नेचुरल स्पाइन को सुरक्षित रखा गया। उन्होंने कहा कि अगर यह सर्जरी नहीं की जाती तो मरीज का रॉड एवं स्पाइन फिक्सेशन करना पड़ता। चिकित्सको ने इस समस्या से निजात के लिए यूबीई तकनीक का उपयोग किया,जो कि मरीज की कंडीशन पर निर्भर करती है, इससे रिकवरी तेजी से हुई। सर्जरी के बाद मरीज पूरी तरह स्वस्थ है और उसे डिस्चार्ज कर दिया गया है। चिकित्सकों के अनुसार अस्पताल में उपलब्ध आधुनिक उपकरणों और नवीनतम तकनीकों के कारण जटिल से जटिल सर्जरी में भी सफलता दर बढ़ गई है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश

