प्रदेशभर में 360 छात्रावासों की मरम्मत पर 60.73 करोड़ रुपये खर्च
जयपुर, 09 मार्च (हि.स.)। सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री अविनाश गहलोत ने सोमवार को विधानसभा में बताया कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में प्रदेशभर में 360 छात्रावासों के मरम्मत कार्य कराए गए हैं, जिन पर लगभग 60.73 करोड़ रुपये व्यय किए गए हैं। उन्होंने कहा कि बांसवाड़ा जिले में भी पिछले दो वर्षों में 8 छात्रावासों की मरम्मत पर 1.93 करोड़ रुपये खर्च किए गए हैं।
मंत्री प्रश्नकाल के दौरान विधायक कैलाशचंद मीणा द्वारा पूछे गए पूरक प्रश्नों का जवाब दे रहे थे। उन्होंने बताया कि विधानसभा क्षेत्र गढ़ी में छात्रावासों की मरम्मत के कार्य स्वीकृत किए गए हैं। राजकीय जनजातीय अंबेडकर बालिका छात्रावास तथा राजकीय अंबेडकर अनुसूचित जनजाति छात्रावास के मरम्मत कार्यों के लिए 15-15 लाख रुपये की स्वीकृति दी गई है और ये कार्य लगभग पूर्ण हो चुके हैं।
उन्होंने कहा कि छात्रावासों में प्रवेशित विद्यार्थियों की संख्या को ध्यान में रखते हुए बजट घोषणा के अनुसार उनकी क्षमता बढ़ाने के विषय पर भविष्य में विचार किया जाएगा और इसे बजट घोषणाओं में शामिल कराने का प्रयास किया जाएगा।
मंत्री ने अपने लिखित जवाब में बताया कि विधानसभा क्षेत्र गढ़ी में विभाग द्वारा 4 राजकीय और 1 अनुदानित, कुल 5 छात्रावास संचालित किए जा रहे हैं। वर्तमान में क्षेत्र में किसी नए छात्रावास को खोलने का कोई प्रस्ताव विचाराधीन नहीं है।
उन्होंने कहा कि बजट घोषणाओं के अनुरूप वित्तीय प्रावधानों की उपलब्धता के आधार पर नए छात्रावास खोले जाते हैं। गढ़ी क्षेत्र के 4 राजकीय छात्रावास भवनों की भौतिक स्थिति के आधार पर उनके मरम्मत कार्यों के लिए राशि स्वीकृत की गई है।
साथ ही, राजकीय छात्रावासों की मरम्मत के लिए जिलाधिकारी से प्रस्ताव प्राप्त होने पर उपलब्ध बजट के अनुसार समय-समय पर अनुरक्षण और मरम्मत के लिए राशि उपलब्ध कराई जाती है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित

