home page

31 मई 2026 को होगा 5वां विलक्षण प्रतिभा सम्मान समारोह-2026-भदेल

 | 
31 मई 2026 को होगा 5वां विलक्षण प्रतिभा सम्मान समारोह-2026-भदेल


अजमेर, 25 मई(हि.स.)।अजमेर दक्षिण विधायक एंव पहल जन संस्थान, अजमेर द्वारा 5 वां विलक्षण प्रतिभा सम्मान समारोह-2026 आगामी 31 मई को दोपहर साढ़े तीन बजे अजमेर के जवाहर रंगमंच पर आयोजित होगा। समारोह में केन्द्रीय कानून एवं न्याय मंत्री अर्जुनराम मेघवाल मुख्यअतिथि होंगे। अजमेर के करीब 510 प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को सम्मानित किया जाएगा।

विधायक अनिता भदेल ने प्रेस से वार्ता में बताया कि पहल जन सेवा संस्थान एक सामाजिक एवं गैर-राजनैतिक संस्था है, जो विगत कई वर्षों से समाजसेवा, धार्मिक गतिविधियों तथा विभिन्न जनकल्याणकारी, सामाजिक सरोकारों के कार्यों के माध्यम से निरंतर जनहित में सक्रिय है। संस्था द्वारा विगत कई वर्षों से शिक्षा, संस्कार, पर्यावरण संरक्षण, महिला सशक्तिकरण और स्वास्थ्य जागरूकता से जुड़े अनेक कार्यक्रम नियमित रूप से आयोजित किए जाते रहे हैं।

उन्होंने बताया कि पूर्व वर्षों की परंपरा को आगे बढ़ाते हुए इस वर्ष भी अजमेर शहर के समस्त राजकीय एवं निजी उच्च माध्यमिक विद्यालयों के उन मेघावी विद्यार्थियों का सम्मान किया जाएगा, जिन्होंने कक्षा 12वीं बोर्ड परीक्षा में 90 प्रतिशत या उससे अधिक अंक प्राप्त कर उत्कृष्ट सफलता अर्जित की है। विधायक भदेल ने कहा कि संस्था द्वारा अब तक अनेक जनहितकारी कार्य किए गए हैं। इनमें “ग्रीन अजमेर, क्लीन अजमेर” अभियान के तहत शहर में लगभग 20 हजार पौधों का रोपण, लगभग 50 चिकित्सा एवं रक्तदान शिविरों का आयोजन, केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देकर आमजन को लाभान्वित करना, ग्रीष्मकाल में पशु-पक्षियों के लिए परिंडे एवं पानी की टंकियों का वितरण, स्वच्छता अभियान के अन्तर्गत रोडवेज बसो में कचरा पात्रों का वितरण, अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर प्रतिभावान महिलाओं का सम्मान तथा स्किल डेवलपमेंट शिविरों के माध्यम से युवाओं को विभिन्न कौशलों में प्रशिक्षित करना प्रमुख रूप से शामिल है। पोस्ट ऑफिस एवं बैंक द्वारा जनहित में संचालित केन्द्रीय व राज्य सरकार की विभिन्न योजनाओं को शिविर के माध्यम से क्षेत्रवासियों तक पहुंचाना तथा इच्छुक व्यक्ति के मौके पर ही खाते खुलवाकर उन्हें लाभान्वित करना।

पहल जन सेवा संस्थान के अध्यक्ष नितेश आत्रे ने बताया कि विगत वर्ष 2025 तक संस्था द्वारा लगभग 2000 विद्यार्थियों को विलक्षण प्रतिभा सम्मान से सम्मानित किया जा चुका है। इस वर्ष विलक्षण प्रतिभा सम्मान समारोह में राजकीय विद्यालय 14 और गैर राजकीय विद्यालय 50 कुल 64 विद्यालयों के कक्षा 12 में तीनों संकाय- कला, वाणिज्य और विज्ञान में 90 प्रतिशत अंक एवं उससे अधिक प्रतिशत अंक से उत्तीर्ण कुल विद्यार्थियों की संख्या 510 है, जिन्हे इस वर्ष प्रतिभा सम्मान समारोह में सम्मानित किया जायेगा। इस बार राजकीय विद्यालयों से 34 विद्यार्थी सम्मान प्राप्त करने जा रहे हैं। जो गत वर्ष की तुलना में अधिक है एवं गैर राजकीय विद्यालयों से 476 विद्यार्थी सम्मान प्राप्त करने जा रहे हैं। यह संख्या भी पिछले वर्ष की तुलना में अधिक है।

विधायक भदेल द्वारा अवगत करवाया गया कि इस कार्यक्रम की गरिमा को और अधिक ऊंचाई प्रदान करने एवं विद्यार्थियों को प्रोत्साहित करने के लिए मुख्य अतिथि के रूप में केन्द्रीय कानून एवं न्याय मंत्री अर्जुनराम मेघवाल का उदबोधन प्राप्त होगा। विधायक भदेल ने कहा कि यह समारोह न केवल विद्यार्थियों की उपलब्धियों का सम्मान होगा, बल्कि उन्हें जीवन में और ऊँचाइयाँ प्राप्त करने के लिए प्रेरित भी करेगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संतोष