568वां जोधपुर स्थापना दिवस समारोह कल
जोधपुर, 11 मई (हि.स.)। जोधपुर का 568वां स्थापना दिवस समारोह 12 मई को आयोजित होगा। जोधपुर के संस्थापक राव जोधाजी ने 568 वर्ष पूर्व चिडिय़ा टूक पर महरानगढ़ दुर्ग की नींव 12 मई 1459 को रखी थी।
मेहरानगढ़ म्यूजियम ट्रस्ट के प्रशासनिक अधिकारी कर्नल अजयसिंह शेखावत ने बताया कि जोधपुर स्थापना दिवस का मुख्य व समारोह महिला पॉलिटेक्निक कॉलेज परिसर स्थित मारवाड़ इण्टरनेशनल सेण्टर में प्रात: 10.30 बजे आयोजित होगा। समारोह सांसद राव राजेन्द्रसिंह के मुख्य आतिथ्य में होगा और समारोह की अध्यक्षता पूर्व नरेश गजसिंह करेंगे। इस अवसर पर मारवाड़ वीर शिरोमणी सम्मान सहित विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाली 19 प्रतिभाओं को मारवाड़ रतन सम्मान से अतिथियों द्वारा सम्मानित किया जाएगा। इस वर्ष अमर शहीद परमवीर मेजर शैतानसिंह को मारवाड़ वीर शिरोमणी सम्मान दिया जाएगा।
मुख्य समारोह में तीन पुस्तकों का लोकार्पण किया जाएगा जिसमें डॉ. महेन्द्रसिंह तंवर द्वारा लिखित व रिड़मलोत समाज विकास एवं कल्याण ट्रस्ट मारवाड़ द्वारा प्रकाशित रिडमलोत राठौड़ों का गौरवशाली इतिहास, मेजर चन्द्रकान्तसिंह द्वारा लिखित पुस्तक मिरेकल एट हाईफा-दी मास्टर एण्ड दी महाराजास एवं प्रो. एल.एन. हर्ष द्वारा लिखित पुस्तक ए रॉयल ट्री ऑफ मारवाड़ स्टेट प्रोसोपिस जुलिफ्लोरा हिस्टोरिकल इण्टरोडक्शन, इकॉलोजी, मैनेजमेण्ट एण्ड यूटीलाईजेशन्स का लोकार्पण किया जाएगा। साथ ही जोधपुर के स्थापना दिवस के अवसर पर जोधपुर के विभिन्न विद्यालयों में आयोजित निबन्ध एवं चित्रकला प्रतियोगिता के विजेताओं को गज सिंह द्वारा प्रमाण पत्र वितरण किए जाएंगे। इससे पहले 12 मई को सुबह 8.30 बजे स्व. ताराचंद एवं स्व. मेजर शैतानसिंह की प्रतिमा पर गजसिंह द्वारा पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि दी जाएगी।
नौ बजे जयपोल के बाहर स्थित मारवाड़ के अमर वीर शहीदों को श्रद्धांजलि एवं पुष्पांजलि अर्पित की जाएगी जिसमें सर्वप्रथम जसवन्तथड़ा स्थित राव जोधा की अश्वारूढ़ मूर्ति, गुमानसिंह राजपुरोहित, इन्दराज की छतरी, ठा. श्याम चौहान राखी, जयपोल के बाहर गणेशजी की मूर्ति, दुर्गादास खीची एवं अन्य वीर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की जाएगी। तत्पश्चात् जयपोल के भीतर किरतसिंह सोढ़ा की छतरी, बहादुरसिंह तंवर की तस्वीर, शहीद भूरे खां की मजार एवं राजाराम मेघवाल के स्मृति स्थल पर पुष्पांजलि अर्पित की जाएगी। गजसिंह द्वारा जोधपुर के संस्थापक राव जोधा के फलसे पर विधिवत पूजा अर्चना की जाएगी।
शहरभर में होंगे कई कार्यक्रम
जोधपुर का 568वां स्थापना दिवस 12 मई को पर्यटन विभाग एवं जिला प्रशासन, जोधपुर के संयुक्त तत्वावधान में विविध सांस्कृतिक एवं पर्यटन गतिविधियों के साथ उत्साहपूर्वक मनाया जाएगा।
पर्यटन विभाग के उपनिदेशक भानु प्रताप ने बताया कि शहर की प्रमुख ऐतिहासिक इमारतों, सार्वजनिक स्थलों एवं प्रमुख चौराहों पर आकर्षक सजावटी रोशनी की व्यवस्था की जाएगी, जिससे पूरे शहर में उत्सवमय वातावरण निर्मित होगा। स्थापना दिवस के अवसर पर 12 मई को सुबह 7 से 8 बजे तक घंटाघर परिसर में पर्यटकों एवं आमजन के आकर्षण हेतु कैमल फ्रंटियर बीएसएफ, जोधपुर के कैमल माउंटेड बैण्ड द्वारा विशेष बैण्ड वादन कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इसके बाद पर्यटन विभाग द्वारा सुबह 10.15 बजे से मेहरानगढ़ दुर्ग में आगन्तुक देशी एवं विदेशी पर्यटकों का माल्यार्पण कर पारंपरिक स्वागत किया जाएगा।
कार्यक्रम के दौरान लोक कलाकारों द्वारा राजस्थान की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को प्रदर्शित करती रंगारंग लोक प्रस्तुतियां भी दी जाएंगी। संध्याकालीन कार्यक्रमों के अंतर्गत पर्यटन विभाग द्वारा तूरजी के झालरे पर दीपोत्सव का आयोजन किया जाएगा। इस अवसर पर लोक नृत्य एवं लोक गायन की मनोहारी प्रस्तुतियां आयोजित होंगी।
हिन्दुस्थान समाचार / सतीश

