home page

महाराजा अग्रसेन की 5150वीं जयंती पर जयपुर में निकली भव्य शोभायात्रा

 | 
महाराजा अग्रसेन की 5150वीं जयंती पर जयपुर में निकली भव्य शोभायात्रा


महाराजा अग्रसेन की 5150वीं जयंती पर जयपुर में निकली भव्य शोभायात्रा


महाराजा अग्रसेन की 5150वीं जयंती पर जयपुर में निकली भव्य शोभायात्रा


जयपुर, 11 अक्टूबर (हि.स.)। महाराजा अग्रसेन की 5150वीं जयंती पर रविवार को गुलाबी नगरी में अग्रवाल समाज की ओर से विभिन्न धार्मिक और सामाजिक कार्यक्रम आयोजित किए गए। बैंड-बाजों की गूंज, हाथी-घोड़ों के लवाजमे, सजी-धजी झांकियों और महाराजा अग्रसेन के जयकारों के बीच भव्य शोभायात्राएं निकाली गईं। शोभायात्राओं में आस्था, परंपरा और सामाजिक एकता का संगम देखने को मिला। वहीं, विभिन्न आयोजनों में मेधावी विद्यार्थियों, समाज की विशिष्ट प्रतिभाओं और वरिष्ठजनों का सम्मान किया गया।

श्री अग्रवाल समाज समिति जयपुर की ओर से ध्वजारोहण और पूजा-अर्चना के साथ जयंती समारोह की शुरुआत हुई। शाम को चांदपोल बाजार स्थित अग्रवाल सेवा सदन से भव्य शोभायात्रा रवाना हुई। शोभायात्रा चांदपोल बाजार, छोटी चौपड़, त्रिपोलिया बाजार, बड़ी चौपड़, जौहरी बाजार और सांगानेरी गेट होते हुए अग्रवाल कॉलेज पहुंची। शोभायात्रा में सात रथों पर देवी-देवताओं की झांकियां सजाई गईं। इनमें महाराजा अग्रसेन, लक्ष्मीजी, गणेशजी, राम दरबार, शिव परिवार और श्याम बाबा की झांकियां आकर्षण का केंद्र रहीं।

बैंड-बाजों के साथ हाथी, घोड़े और ऊंट का लवाजमा भी शामिल हुआ। महाराजा अग्रसेन के 18 राजकुमारों ने घोड़ों पर सवार होकर समाज के 18 गोत्रों की झलक प्रस्तुत की। इनमें गर्ग, गोयल, गोयन, बंसल, कंसल, सिंघल, मंगल, जिंदल, तिंगल, ऐरन, धरण, मधुकुल, बिंदल, मित्तल, तायल, भंडाल, कुच्छल और नांगल गोत्रों का प्रतिनिधित्व किया गया।

मार्ग में करीब 25 स्वागत मंचों पर शोभायात्रा का स्वागत किया गया। जगह-जगह पुष्पवर्षा कर श्रद्धालुओं ने महाराजा अग्रसेन की आरती उतारी। विधायक कालीचरण सराफ ने भी आरती कर शोभायात्रा की अगुवाई की। छोटी चौपड़ पर जयपुर व्यापार महासंघ के अध्यक्ष सुभाष गोयल सहित अन्य लोगों ने स्वागत किया। सुभाष गोयल ने महाराजा अग्रसेन को दूरदर्शी राजा और समाजसेवी बताते हुए उनके आदर्शों को अपनाने का आह्वान किया। समिति अध्यक्ष ओपी अग्रवाल ने बताया कि जयपुर में वर्ष 1948 से हर साल शोभायात्रा निकालने की परंपरा चली आ रही है।

अग्रवाल समाज सेवा समिति, टोंक रोड की ओर से भी महाराजा अग्रसेन जयंती पर सुबह छह बजे शोभायात्रा निकाली गई। टेलीफोन कॉलोनी स्थित शिव मंदिर से बैंड-बाजों और जयकारों के साथ रवाना हुई करीब तीन किलोमीटर लंबी शोभायात्रा बरकत नगर, वन विहार, रेलवे लाइन और महेश नगर होते हुए बैंक कॉलोनी स्थित अग्रसेन भवन पहुंची। रास्ते में जगह-जगह पुष्पवर्षा और आरती कर शोभायात्रा का स्वागत किया गया। इसके बाद ध्वजारोहण हुआ।

समिति के वरिष्ठ उपाध्यक्ष अशोक कुमार अग्रवाल और उपाध्यक्ष अरविंद अग्रवाल ने बताया कि मुख्य समारोह त्रिवेणी नगर स्थित सामुदायिक केंद्र में हुआ। इसमें विधायक कालीचरण सराफ, नवनिर्वाचित पार्षद नवीन भंडारी, शैलेंद्र भार्गव, रामपाल जैन, विमल अग्रवाल, जयपुर अग्रवाल समाज समिति के अध्यक्ष ओपी अग्रवाल, योगाचार्य डॉ. कुलभूषण बैराठी, आर.के. अग्रवाल और पूर्व आरएएस आर.एस. गुप्ता सहित अनेक गणमान्यजन शामिल हुए। समिति अध्यक्ष मुकेश कुमार गुप्ता, महामंत्री के.के. सिंघल और कार्यकारिणी सदस्यों ने अतिथियों का स्वागत किया। आयोजन में समिति से जुड़े पांच हजार से अधिक परिवारों ने भाग लिया और सामूहिक गोठ में भोजन प्रसादी ग्रहण की।

टोंक रोड समिति के समारोह में वर्ष 2025-26 के दौरान राजस्थान और सीबीएसई बोर्ड की दसवीं व बारहवीं परीक्षाओं के साथ कैट, सीए फाइनल, आईआईटी, क्लैट और नीट सहित विभिन्न परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले 70 से अधिक विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। इसके अलावा कला, साहित्य, संगीत, खेलकूद, उद्योग और प्रशासनिक सेवाओं में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल करने वाली प्रतिभाओं को भी सम्मान मिला। 75 वर्ष से अधिक आयु के वरिष्ठ समाजजनों का सम्मान कर उनके अनुभव और समाज के प्रति योगदान को सराहा गया। समारोह में सामाजिक एकता, सहयोग, संस्कारों और नई पीढ़ी को समाज से जोड़ने का संदेश दिया गया।

पानीपेच स्थित नेहरू नगर के श्री लक्ष्मीनारायण मंदिर में भी अग्रवाल समाज सेवा समिति की ओर से महाराजा अग्रसेन की जयंती पर पूजा-अर्चना और आरती की गई। समिति के महासचिव मनीष केडिया ने कहा कि महाराजा अग्रसेन का जीवन समाज कल्याण, आर्थिक समानता और अहिंसा के सिद्धांतों पर आधारित था। उनके आदर्श आज भी सामाजिक सद्भाव, सहयोग और समानता की प्रेरणा देते हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश