home page

51 सौ हनुमान चालीसा का किया जाएगा नि:शुल्क वितरण

 | 
51 सौ हनुमान चालीसा का किया जाएगा नि:शुल्क वितरण


जोधपुर, 23 मार्च (हि.स.)। दो अप्रैल को हनुमान जयंती के मौके पर सर्व ब्राह्मण महासभा जोधपुर युवा प्रकोष्ठ द्वारा 5100 हनुमान चालीसा का निशुल्क वितरण किया जाएगा। यह निर्णय महासभा की बैठक में लिया गया, जो चौपासनी रोड स्थित एक होटल में आयोजित हुई।

बैठक में महासभा के कार्यकारी प्रदेशाध्यक्ष सत्यप्रकाश बोहरा और जोधपुर जिलाध्यक्ष डॉ. आनंदराज पुरोहित ने बताया कि इस पहल का उद्देश्य समाज में सनातन धर्म के प्रति जागरूकता फैलाना और हनुमान चालीसा का जाप करने से होने वाले लाभों के बारे में जानकारी देना है। वरिष्ठ उपाध्यक्ष प्रफुल्ल पुरोहित ने बताया कि हनुमान चालीसा का वितरण जोधपुर के प्रमुख मंदिरों, आश्रमों और विभिन्न स्थानों पर किया जाएगा। प्रकोष्ठ सदस्य आमजन और राहगीरों को हनुमान चालीसा सौंपेंगे और उन्हें इसके आध्यात्मिक लाभों से अवगत कराएंगे। महासभा युवा प्रकोष्ठ के महासचिव नरेश बोहरा ने कहा कि हनुमान चालीसा भारतीय भक्ति परंपरा का महत्वपूर्ण हिस्सा है, जो श्रद्धा, शक्ति और मानसिक संतुलन का स्रोत मानी जाती है।

उन्होंने युवाओं से अपील की कि वे धर्म के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने के साथ-साथ समाज सेवा कार्यों में भी सक्रिय रूप से भाग लें। बैठक में महासभा के कोषाध्यक्ष अनिकेत कल्ला और युवा टीम के पंकज चांडा, मयंक पुरोहित, पुनीत बोहरा, महेंद्र आचार्य, महेंद्र पुरोहित, अंकित पुरोहित, आशीष पुरोहित, कुलदीप सारस्वत आदि ने हनुमान चालीसा वितरण कार्य में सहयोग देने का संकल्प लिया।

हिन्दुस्थान समाचार / सतीश