home page

5 करोड़ का घोड़ा बादल 100 बॉडीगार्ड के साथ लेगा शाही एंट्री

 | 
5 करोड़ का घोड़ा बादल 100 बॉडीगार्ड के साथ लेगा शाही एंट्री


5 करोड़ का घोड़ा बादल 100 बॉडीगार्ड के साथ लेगा शाही एंट्री


मारवाड़ी नस्ल के आरडीएक्स और एलेक्स घोड़े खूब सुर्खियां में

अजमेर, 14 नवम्बर(हि.सं.) अंतरराष्ट्रीय पुष्कर मेले की शुरुआत के साथ ही नए मेला मैदान के रेतीले धोरों में रौनक परवान चढ़ने लगी है। कहीं ऊंटों की टाप सुनाई दे रही है तो कहीं करोड़ों रुपये कीमत के शानदार घोड़े पर्यटकों और पशुपालकों के आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं। देश के विभिन्न राज्यों से पशुपालक अपने नायाब घोड़ों के साथ पुष्कर पहुंच रहे हैं। इस बार महाराष्ट्र से आए मारवाड़ी नस्ल के घोड़े आरडीएक्स और एलेक्स खूब सुर्खियां बटोर रहे हैं। इनमें आरडीएक्स की खासियत तो ऐसी है कि वह अपने मालिक की आवाज के बजाय मोबाइल पर गर्लफ्रेंड की आवाज सुनते ही दौड़ा चला आता है। वहीं केकड़ी के राहुल जेतवाल के पांच करोड़ रुपये से अधिक कीमत वाले घोड़ों की शाही एंट्री भी मेले में चर्चा का विषय बनी हुई है। महाराष्ट्र के घोड़ा मालिक माजिद सौदागर का करीब साढ़े छह साल का मारवाड़ी नस्ल का घोड़ा आरडीएक्स मेले में विशेष आकर्षण बना हुआ है। 68.5 इंच ऊंचाई वाला यह घोड़ा काला काठा का बेटा है। इसकी सबसे अनोखी खूबी यह है कि माजिद मोबाइल पर उसकी गर्लफ्रेंड की आवाज सुनाकर बुलाते हैं तो आरडीएक्स तुरंत दौड़कर उनके पास पहुंच जाता है। माजिद के मुताबिक आरडीएक्स के रखरखाव पर हर महीने करीब 45 हजार रुपये खर्च होते हैं। उन्होंने इसकी कीमत पांच करोड़ रुपए रखी है, जबकि अब तक तीन करोड़ रुपये तक के प्रस्ताव मिल चुके हैं।

केकड़ी के घोड़ा मालिक राहुल जेतवाल के घोड़े भी मेले में खास चर्चा में हैं। राहुल अपने तीन घोड़ों बादल, न्यू बादल और विश्वास के साथ पहुंचे हैं। इनकी शाही मेहमान नवाजी के लिए उन्होंने करीब तीन लाख रुपये खर्च कर आलीशान टेंट व सजावट करवाई है। राहुल के अनुसार रविवार को इन घोड़ों की विशेष एंट्री कराई जाएगी। इसमें सबसे बड़ा आकर्षण 24 महीने के बादल की एंट्री होगी, जिसे 100 बॉडीगार्ड के साथ मैदान में उतारा जाएगा। बादल की ऊंचाई 66 इंच से अधिक है। उसके

खानपान में दूध, दही और घी शामिल हैं। उसके रखरखाव पर हर महीने करीब 50 हजार रुपये खर्च किए जाते हैं। वहीं 32 महीने के न्यू बादल की ऊंचाई 67 इंच है और उस पर भी प्रतिमाह करीब 50 हजार रुपये खर्च होते हैं।

-पांच साल में 500 से अधिक संतानों का पिता बना विश्वास

राहुल का तीसरा घोड़ा विश्वास आठ साल का है और उसकी ऊंचाई करीब 65 इंच है। राहुल के अनुसार विश्वास पांच साल में 500 से अधिक बच्चों का पिता बन चुका है। उनके तीनों घोड़ों की कीमत पांच करोड़ रुपए से अधिक लग चुकी है।

-21 हजार सिक्कों से बनाई सांवरिया सेठ की सैंड आर्ट

पुष्कर मेले में घोड़ों की शाही दुनिया के साथ रेत पर उकेरी गई कला भी पर्यटकों को आकर्षित कर रही है। पुष्कर के सैंड आर्टिस्ट अजय रावत ने नए मेला मैदान में मिट्टी से 15 आकर्षक कलाकृतियां तैयार की हैं। इनमें भगवान देवनारायण की 51 फीट ऊंची कलाकृक्ति विशेष आकर्षण बनी हुई है। इसके अलावा श्री सांवरिया सेठ की भव्य कलाकृक्ति भी तैयार की गई है। इसे बनाने में करीब सात टन मिट्टी और 21 हजार सिक्कों का इस्तेमाल किया गया है। इन अनूठी कलाकृक्तियों को देखने के लिए भी बड़ी संख्या में पर्यटक पहुंच रहे हैं।

-कैमल सफारी का आनंद लेने उमड़ रहे देशी-विदेशी पर्यटक

नए मेला मैदान में पशुओं और पशुपालकों की संख्या बढ़ने के साथ ही देशी-विदेशी पर्यटकों की आवाजाही भी तेज हो गई है। पर्यटक रेतीले धोरों में ऊंट सफारी का आनंद ले रहे हैं। ऊंटों की सवारी, करोड़ों की कीमत वाले घोड़ों का जलवा और सैंड आर्ट की अनूठी कलाकृतियां मेले की रौनक में चार चांद लगा रही हैं।

मेले में अब तक पहुंचे 1475 पशु

पशुपालन विभाग के संयुक्त निदेशक डॉ. नवीन परिहार के अनुसार शुक्रवार तक पुष्कर मेले में कुल 1475 पशुओं की आवक दर्ज की गई है। इनमें 812 घोड़े, 601 ऊंट और दो भैंस शामिल हैं। शनिवार शाम की गणना के बाद पशुओं की आवक के नए आंकड़े सामने आएंगे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संतोष