खेत में मिली बमनुमा वस्तु घर ले गया पांच साल का मासूम, खेलते समय धमाका; मां-बेटा गंभीर
बाड़मेर, 24 अगस्त (हि.स.)। भारत-पाकिस्तान सीमा से सटे बाड़मेर जिले में सोमवार को खेत में मिली बमनुमा वस्तु ने एक परिवार की खुशियां पलभर में मातम में बदल दीं। बीजराड़ थाना क्षेत्र के भीलों का तला गांव में पांच साल का मासूम खेत में मिली बमनुमा वस्तु को खिलौना समझकर घर ले आया। घर में बच्चों के साथ खेलते समय अचानक तेज धमाका हो गया। हादसे में मासूम और उसकी मां गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर जोधपुर रेफर कर दिया गया।
घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी मच गई। आसपास के लोग तत्काल मौके पर पहुंचे और घायल मां-बेटे को अस्पताल पहुंचाया। सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और घटनास्थल की जानकारी जुटाते हुए मामले की जांच शुरू की। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नितेश आर्य के अनुसार भीलों का तला गांव में बच्चों को खेत में एक बमनुमा वस्तु मिली थी। मासूम उसे अपने घर ले आया। घर पर बच्चों के साथ खेलते समय उसे तोड़ने या उससे छेड़छाड़ करने के दौरान अचानक विस्फोट हो गया।
धमाके की चपेट में आने से बच्चा और उसकी मां घायल हो गए।
परिजनों के अनुसार सोमवार सुबह बच्चे खेत की तरफ गए थे। इसी दौरान उन्हें जमीन में पड़ी बमनुमा वस्तु दिखाई दी। बच्चे उसे अपने साथ घर ले आए। खेलते समय बच्चों ने उसे फेंका, जिसके बाद तेज धमाका हो गया। धमाके में मासूम और उसकी मां फूली देवी घायल हो गईं। पुलिस के अनुसार प्रथम दृष्टया आशंका है कि बमनुमा वस्तु काफी पुरानी हो सकती है। सीमावर्ती क्षेत्र होने के कारण माना जा रहा है कि भारत-पाक युद्ध के समय जमीन में दबा कोई पुराना बम बारिश और खेत की जुताई के बाद मिट्टी से बाहर आया होगा।
हालांकि वस्तु वास्तव में क्या थी और वह कितनी पुरानी थी, इसकी पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।
हादसे के बाद पुलिस ने घटनास्थल की जांच शुरू कर दी है। सीमावर्ती क्षेत्र में खेतों में इस तरह की संदिग्ध वस्तु मिलने से सुरक्षा को लेकर भी सवाल खड़े हुए हैं। पुलिस पूरे मामले की पड़ताल कर रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित

