home page

50 स्कूलों के 4 हजार विद्यार्थी आठ खेलों में दिखाएंगे दमखम

 | 
50 स्कूलों के 4 हजार विद्यार्थी आठ खेलों में दिखाएंगे दमखम


50 स्कूलों के 4 हजार विद्यार्थी आठ खेलों में दिखाएंगे दमखम


जयपुर, 30 अक्टूबर (हि.स.)। मोबाइल और डिजिटल स्क्रीन के बढ़ते इस्तेमाल के बीच बच्चों को खेल के मैदान से जोड़ने के उद्देश्य से जयपुर में 14वां महाराजा सवाई भवानी सिंह मेमोरियल टूर्नामेंट आयोजित किया जाएगा। 2 से 5 नवंबर तक जगतपुरा में होने वाली इस चार दिवसीय प्रतियोगिता में जयपुर और आसपास के 50 स्कूलों के करीब 4 हजार विद्यार्थी हिस्सा लेंगे। टूर्नामेंट में फुटबॉल, बास्केटबॉल, वॉलीबॉल, हैंडबॉल, कबड्डी, टेनिस, पिकलबॉल और शतरंज सहित आठ खेलों की स्पर्धाएं होंगी।

यह टूर्नामेंट प्रतिवर्ष ब्रिगेडियर महाराजा सवाई भवानी सिंह (महावीर चक्र) की स्मृति में आयोजित किया जाता है। वे पोलो के प्रतिष्ठित खिलाड़ी और खेलों के प्रबल समर्थक थे। उनके खेल प्रेम, अनुशासन और टीम भावना की विरासत को आगे बढ़ाने के उद्देश्य से यह आयोजन किया जा रहा है। इसके माध्यम से विभिन्न स्कूलों के विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा दिखाने और प्रतिस्पर्धा का अनुभव हासिल करने का अवसर मिलेगा।

इस बार प्रतियोगिता में पारंपरिक भारतीय खेल कबड्डी के साथ तेजी से लोकप्रिय हो रहे पिकलबॉल को भी शामिल किया गया है। आयोजकों के अनुसार इसका उद्देश्य बच्चों को पारंपरिक खेलों के साथ नए खेलों से भी परिचित कराना है।

महाराजा सवाई भवानी सिंह स्कूल की प्रिंसिपल वैदेही सिंह ने कहा कि टूर्नामेंट के 14 संस्करणों में बच्चों की उत्साहपूर्ण भागीदारी देखने को मिली है। यह आयोजन युवा खिलाड़ियों को प्रतिभा दिखाने, जीवन के महत्वपूर्ण कौशल सीखने और नई दोस्तियां बनाने का अवसर देता है।

टूर्नामेंट के खेल साझेदार फैनटूपार्क के संस्थापक एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी अमित पुरोहित ने कहा कि जिस तरह जरूरी सामान घर तक पहुंच रहा है, उसी तरह खेलों और प्रशिक्षण की सुविधा भी बच्चों को घर के नजदीक मिलनी चाहिए। दूरी और समय की कमी बच्चों की खेल प्रतिभा के रास्ते में बाधा नहीं बननी चाहिए।

कंपनी का ‘फैनटूपार्क प्ले’ कार्यक्रम प्रशिक्षित और प्रमाणित कोचों के माध्यम से आवासीय सोसाइटियों में खेल प्रशिक्षण उपलब्ध कराता है। अभिभावक मोबाइल ऐप के जरिए प्रशिक्षण सत्रों की उपस्थिति, बच्चों की प्रगति और तस्वीरों की जानकारी प्राप्त कर सकते हैं। फिलहाल यह कार्यक्रम दिल्ली-एनसीआर के गुरुग्राम, दिल्ली और नोएडा में एक हजार से अधिक बच्चों को प्रशिक्षण दे रहा है। कंपनी का लक्ष्य अगले वर्ष तक यह संख्या 10 हजार तक पहुंचाने का है। दिल्ली-एनसीआर से बाहर जयपुर कंपनी का पहला शहर है और यह टूर्नामेंट यहां उसकी पहली सार्वजनिक पहल है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश