home page

मसूदा के निकट सड़क दुर्घटना में मंदसौर, मध्य प्रदेश के 32 श्रद्धालु घायल

 | 
मसूदा के निकट सड़क दुर्घटना में मंदसौर, मध्य प्रदेश के 32 श्रद्धालु घायल


अजमेर, 9 सितम्बर(हि.स.)। मध्य प्रदेश केे मंदसौर से रामदेवरा दर्शन कर पुष्कर तीर्थ की ओर जा रहे श्रद्धालुओं से भरी एक मॉडिफाइड बड़ी ट्रैक्टर-ट्रॉली की मसूदा के पास एक बस से टक्कर हो गई। ट्रॉली में पार्टिशन बनाकर करीब 30–35 श्रद्धालु सवार थे। टक्कर के बाद ट्रॉली पलट गई, जिससे कुल 32 श्रद्धालु घायल हो गए। अस्पताल में पहुंचे 32 घायलों में 15 महिलाएं एवं 17 पुरुष शामिल हैं।

घटना की सूचना मिलते ही मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी के निर्देश पर प्रमुख चिकित्साधिकारी एवं ब्लॉक मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अमित वैष्णव मौके पर पहुंचे और चिकित्सा व्यवस्थाओं की निगरानी की। 108 एंबुलेंस कॉल सेंटर से तत्काल संपर्क कर पांच एंबुलेंस मौके पर उपलब्ध करवाई गईं।

सभी घायलों को तत्काल उप जिला चिकित्सालय मसूदा लाया गया, जहां चिकित्सकीय दल ने प्राथमिक उपचार, आवश्यक जांच एवं उपचार शुरू किया। परीक्षण के बाद 13 गंभीर घायलों को उच्च स्तरीय उपचार के लिए अजमेर रेफर किया गया। इनमें फ्रैक्चर एवं अन्य गंभीर चोटों वाले मरीज शामिल हैं। अन्य घायलों को उपचार एवं निगरानी के बाद छुट्टी दी गई।

घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय विधायक वीरेंद्रसिंह कानावत एवं उपखंड अधिकारी दीपशिखा भी घटनास्थल पर पहुंचे और घायलों एवं उनके परिजनों से बातचीत कर कुशलक्षेम जानी। उन्होंने गंभीर घायलों के त्वरित रेफरल की व्यवस्था सुनिश्चित कराई।

इस दौरान बीसीएमओ डॉ. अमित वैष्णव, पीएमओ डॉ. लखेंद्र सहित चिकित्सा एवं प्रशासनिक अधिकारी मौके पर मौजूद रहे। गंभीर घायलों में दुर्गानाथ 46 वर्ष,नाथूलाल 50 वर्ष,फकीरचंद 45 वर्ष,रामकुमार 50 वर्ष,नाहरसिंह 50 वर्ष,कन्हैयालाल 50 वर्ष,भरतलाल 26 वर्ष,दशरथ 40 वर्ष,गणेश 65 वर्ष,दिलीप 26 वर्ष,कजली,केमलाल 50 वर्ष,अन्नू 35 वर्ष शामिल हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संतोष