home page

भारतीय किसान यूनियन के जिलाध्यक्ष संदीप सिंह केरा सहित 31 कार्यकर्ता भाजपा में शामिल

 | 
भारतीय किसान यूनियन के जिलाध्यक्ष संदीप सिंह केरा सहित 31 कार्यकर्ता भाजपा में शामिल


जयपुर, 01 अगस्त (हि.स.)। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने शनिवार को श्रीगंगानगर से भारतीय किसान यूनियन के जिलाध्यक्ष संदीप सिंह केरा सहित उनके समर्थक 31 कार्यकर्ताओं को भारतीय जनता पार्टी की सदस्यता ग्रहण करवाई। किसान नेता पृथ्वीपाल सिंह संधु के नेतृत्व में संदीप सिंह केरा एवं उनके समर्थकों ने भाजपा की रीति-नीति और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व तथा मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के विकास कार्यों से प्रभावित होकर भारतीय जनता पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने सभी नए सदस्यों को पार्टी का दुपट्टा पहनाकर भाजपा परिवार में उनका स्वागत किया।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी राष्ट्रहित, किसान हित और जनसेवा के संकल्प के साथ कार्य कर रही है। विभिन्न वर्गों के लोगों का भाजपा के प्रति लगातार बढ़ता विश्वास इस बात का प्रमाण है कि जनता विकास, सुशासन और पारदर्शी कार्यशैली के साथ खड़ी है। उन्होंने सभी नवप्रवेशी कार्यकर्ताओं से संगठन की विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने और पूरी निष्ठा के साथ पार्टी को मजबूत करने का आह्वान किया।

इस दौरान भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष बिहारी लाल विश्नोई, भाजपा महामंत्री श्रवण सिंह बगड़ी, प्रदेश मंत्री सीताराम पोसवाल तथा भाजपा प्रदेश प्रकोष्ठ प्रभारी विजेंद्र पूनिया उपस्थित रहे। सभी नेताओं ने भाजपा परिवार में शामिल हुए नए सदस्यों का स्वागत करते हुए उन्हें शुभकामनाएं दीं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश