home page

6 दिन में 2.75 करोड़ वसूली की चुनौती, सख्ती पर उतरा निगम

 | 
6 दिन में 2.75 करोड़ वसूली की चुनौती, सख्ती पर उतरा निगम


उदयपुर, 25 मार्च (हि.स.)। उदयपुर नगर निगम के सामने यूडी टैक्स वसूली को लेकर बड़ी चुनौती खड़ी हो गई है। वित्तीय वर्ष 2025-26 समाप्त होने से पहले निगम को 20 करोड़ के लक्ष्य में से शेष 2.75 करोड़ रुपए महज 6 दिनों में जुटाने हैं। अब तक 17.25 करोड़ ही वसूले जा सके हैं, जिससे प्रशासन ने सख्ती बढ़ा दी है।

शहर की 42 सरकारी और अर्द्ध-सरकारी संपत्तियां वर्षों से टैक्स नहीं चुका रही हैं। करीब 3.65 करोड़ रुपए बकाया होने के बावजूद इन पर कार्रवाई करना निगम के लिए मुश्किल बना हुआ है। कई विभाग आपसी बिल एडजस्टमेंट का हवाला देकर भुगतान टाल रहे हैं।

नोटिस के बावजूद टैक्स जमा नहीं करने वालों पर निगम ने कार्रवाई तेज कर दी है। अब तक 45 से अधिक संपत्तियां सीज की जा चुकी हैं और जल्द ही और सीलिंग की तैयारी है। आयुक्त अभिषेक खन्ना लगातार मॉनिटरिंग कर रहे हैं। निगम की टीमें 70-80 लाख बकाया वाली बड़ी संपत्तियों पर फोकस कर रही हैं। अधिकारियों का मानना है कि इनसे वसूली होने पर लक्ष्य पूरा करना आसान होगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनीता