home page

विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने दिए संकेत—परिसीमन के बाद राजस्थान में हो सकती हैं 270 विधानसभा सीटें

 | 
विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने दिए संकेत—परिसीमन के बाद राजस्थान में हो सकती हैं 270 विधानसभा सीटें


उदयपुर, 24 अप्रैल (हि.स.)। राजस्थान विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी शुक्रवार को उदयपुर दौरे पर रहे। यहां उन्होंने पेसिफिक यूनिवरसिटी में आयोजित एक अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन में भाग लिया और प्रदेश की राजनीति, परिसीमन और विधानसभा की भविष्य की तैयारियों को लेकर महत्वपूर्ण बातें कहीं।

देवनानी ने कहा कि देश में वर्ष 2011 के बाद से जनगणना नहीं हुई है और लंबे समय से विधानसभा व लोकसभा सीटों का परिसीमन भी लंबित है। उनका मानना है कि अब जल्द ही परिसीमन की प्रक्रिया शुरू होनी चाहिए। उन्होंने संकेत दिया कि परिसीमन के बाद राजस्थान में विधानसभा सीटों की संख्या 200 से बढ़कर लगभग 270 तक पहुंच सकती है। उन्होंने बताया कि भविष्य की संभावित जरूरतों को देखते हुए जयपुर स्थित विधानसभा भवन में तैयारियां भी शुरू कर दी गई हैं। विधानसभा की चौथी मंजिल पर एक बड़ा हॉल तैयार किया जा रहा है, जिसमें लगभग 280 विधायकों के बैठने की व्यवस्था होगी। इसके साथ ही दिल्ली की संसद की तर्ज पर विधानसभा परिसर में एक ‘सेंट्रल हॉल’ बनाने की योजना पर भी काम किया जा रहा है।

देवनानी ने बताया कि आगामी 5 मई को जयपुर में एक महत्वपूर्ण कार्यक्रम होगा, जिसमें सात राज्यों के विधानसभा अध्यक्ष शामिल होंगे। इस सेमिनार में विधानसभा की विभिन्न समितियों की कार्यप्रणाली को और अधिक प्रभावी बनाने पर चर्चा की जाएगी। इसी अवसर पर विधानसभा परिसर में निर्मित हर्बल वाटिका और नक्षत्र वाटिका का भी लोकार्पण किया जाएगा। उन्होंने यह भी बताया कि विधानसभा परिसर में बनाए गए संग्रहालय को अब तक 50 हजार से अधिक लोग देख चुके हैं, जो एक बड़ी उपलब्धि है।

महिला आरक्षण के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि आज की महिलाएं आत्मनिर्भर बनना चाहती हैं और हर क्षेत्र में अपनी भागीदारी बढ़ा रही हैं। इस विषय पर राजनीति से ऊपर उठकर महिलाओं को उनका अधिकार मिलना चाहिए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनीता