home page

21 हजार लड्डुओं से सजेगी गणपति महाराज की भव्य झांकी

 | 
21 हजार लड्डुओं से सजेगी गणपति महाराज की भव्य झांकी


जयपुर, 11 सितंबर (हि.स.)। चांदपोल स्थित परकोटा गणेश मंदिर में गणेश जन्मोत्सव की तैयारियां शुरू हो गई हैं। महंत अमित शर्मा के सान्निध्य में होने वाले तीन दिवसीय आयोजन में मंदिर को विशेष लाइटिंग, फूल-बंदरवाल से सजाया जाएगा। जन्मोत्सव के दौरान हवन, 108 गणपति अथर्वशीर्ष के पाठ और सायंकाल दीपदान सहित विभिन्न धार्मिक अनुष्ठान होंगे।

12 सितंबर को 21 हजार लड्डुओं की भव्य झांकी सजाई जाएगी। लड्डुओं से सजे गणपति के दर्शन के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। 13 सितंबर को सिंजारा उत्सव होगा। इस दौरान 111 किलो मेहंदी प्रथम पूज्य को अर्पित कर महिला मंडल की ओर से बधाई गान किया जाएगा। इसके बाद श्रद्धालुओं में मेहंदी वितरित की जाएगी।

14 सितंबर को गणेश चतुर्थी के महापर्व पर भगवान गणेश को सोने के वर्क चढ़ाकर विशेष श्रृंगार किया जाएगा और छप्पन भोग की भव्य झांकी सजाई जाएगी। मंदिर परिसर में भजन-कीर्तन भी होंगे। गणपति जन्मोत्सव के दौरान धार्मिक अनुष्ठानों के साथ भक्तिमय माहौल रहेगा और श्रद्धालु सुख-समृद्धि व मंगल की कामना करेंगे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश