श्री गोविन्द धाम में 200 जोड़ों ने किया 200 पार्थिव शिवलिंगों का पूजन
जयपुर, 12 अगस्त (हि.स.)। श्री गोविन्द धाम ठिकाना मंदिर श्री गोविन्द देव जी मंदिर की ओर से महंत श्री अंजन कुमार गोस्वामी के सान्निध्य में कनक घाटी स्थित श्री काला महादेव मंदिर में 11वें विशाल पार्थिव शिवलिंग महारुद्राभिषेक का आयोजन किया गया। अनुष्ठान में करीब 200 जोड़ों ने 200 पार्थिव शिवलिंगों का निर्माण कर सामूहिक रूप से पूजा-अर्चना एवं अभिषेक किया।
अनुष्ठान की शुरुआत गणेश पूजन और कलश पूजन के साथ हुई। इसके बाद वैदिक ऋचाओं, रुद्रपाठ और शंखनाद के बीच भगवान शिव का पवित्र नदियों के जल, दूध, गंगाजल और पंचामृत से महारुद्राभिषेक किया गया। डॉ. प्रशान्त शर्मा की टीम ने वैदिक मंत्रोच्चार, रुद्रपाठ और विधि-विधान के साथ 200 पार्थिव शिवलिंगों का पूजन एवं अभिषेक संपन्न कराया।
आयोजन में गलता पीठ के अवधेशाचार्य महाराज, राघवेन्द्राचार्य महाराज, पंचमुखी हनुमान मंदिर के महंत रामरज दास त्यागी, गणेश जी मंदिर के महंत बांके जी तथा अलवर से पधारे राम चरण दास महाराज सहित संत-महात्माओं ने शिरकत की। संतों ने पार्थिव शिवलिंगों की पूजा-अर्चना एवं अभिषेक कर शिव भक्तों को आशीर्वाद दिया।
महारुद्राभिषेक के दौरान मंदिर परिसर वैदिक मंत्रोच्चार और हर-हर महादेव के जयघोष से गूंज उठा। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने सामूहिक अनुष्ठान में भाग लेकर भगवान शिव की आराधना की। आयोजकों के अनुसार पार्थिव शिवलिंग पूजन का उद्देश्य सामूहिक धार्मिक अनुष्ठान के माध्यम से श्रद्धालुओं को शिव आराधना से जोड़ना और सनातन परंपराओं को आगे बढ़ाना है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश

