राजस्थान में 18 आईपीएस अधिकारियों के तबादले
जयपुर, 15 जुलाई (हि.स.)। राजस्थान सरकार ने पुलिस महकमे में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल करते हुए मंगलवार देर रात भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस) के 18 अधिकारियों के तबादले कर दिए। कार्मिक विभाग द्वारा जारी आदेश के तहत जोधपुर पुलिस आयुक्त समेत पुलिस मुख्यालय, रेंज, जिला पुलिस और आरएसी में कई महत्वपूर्ण बदलाव किए गए हैं। इस फेरबदल में दो रेंज को नए पुलिस महानिरीक्षक (आईजी) मिले हैं, जबकि चार जिलों के पुलिस अधीक्षक (एसपी) भी बदले गए हैं। इसे राज्य में कानून-व्यवस्था और पुलिस प्रशासन को लेकर महत्वपूर्ण प्रशासनिक बदलाव माना जा रहा है।
सबसे अहम बदलाव जोधपुर पुलिस कमिश्नरेट में किया गया है। जोधपुर के पुलिस आयुक्त शरत कविराज को हटाकर अपराध शाखा में महानिरीक्षक (आईजी) नियुक्त किया गया है। उनकी जगह जयपुर स्थित एसएसबी में महानिरीक्षक के पद पर कार्यरत अंशुमान भोमिया को जोधपुर का नया पुलिस आयुक्त बनाया गया है।
पुलिस मुख्यालय स्तर पर भी महत्वपूर्ण फेरबदल हुआ है। प्रशिक्षण एवं यातायात के पुलिस महानिदेशक अनिल पालीवाल को गृह रक्षा महानिदेशक एवं कमांडेंट जनरल का दायित्व सौंपा गया है। वहीं इस पद पर कार्यरत मालिनी अग्रवाल को पुलिस महानिदेशक (यातायात) बनाया गया है।
रेंज स्तर पर भी बदलाव किए गए हैं। पुलिस आयोजना, आधुनिकीकरण एवं कल्याण में आईजी डॉ. रवि को अजमेर रेंज का नया आईजी नियुक्त किया गया है। वहीं कानून एवं व्यवस्था एवं प्रशासन में आईजी डॉ. प्रीति चंद्रा को भरतपुर रेंज की जिम्मेदारी सौंपी गई है। भरतपुर रेंज के आईजी कैलाश चंद्र बिश्नोई को पुलिस आयोजना, आधुनिकीकरण एवं कल्याण में भेजा गया है, जबकि अजमेर रेंज के आईजी राजेन्द्र सिंह को पुलिस सतर्कता का आईजी नियुक्त किया गया है।
जिला पुलिस अधीक्षकों में भी बदलाव किया गया है। जयपुर कमिश्नरेट में डीसीपी (मुख्यालय) राजेश कुमार कांवट को बालोतरा का पुलिस अधीक्षक बनाया गया है। हनुमानगढ़ के एसपी नरेंद्र सिंह मीणा को बीकानेर स्थित 10वीं बटालियन आरएसी का कमांडेंट लगाया गया है। प्रतापगढ़ के एसपी बी. आदित्य को हनुमानगढ़ का नया पुलिस अधीक्षक बनाया गया है। जोधपुर ग्रामीण के एसपी पी. डी. नित्या को जोधपुर एसीबी का एसपी नियुक्त किया गया है। बालोतरा के एसपी रमेश को पुलिस मुख्यालय में सीबी (ह्यूमन राइट्स) का एसपी बनाया गया है, जबकि प्रथम बटालियन आरएसी, जोधपुर के कमांडेंट पंकज यादव को जोधपुर ग्रामीण का नया एसपी नियुक्त किया गया है।
बीकानेर स्थित 10वीं बटालियन आरएसी के कमांडेंट विशाल जांगिड़ को प्रतापगढ़ का पुलिस अधीक्षक बनाया गया है।
अन्य तबादलों में इंटेलिजेंस ट्रेनिंग एकेडमी के निदेशक प्रदीप मोहन शर्मा को जयपुर कमिश्नरेट में अतिरिक्त पुलिस आयुक्त (यातायात एवं प्रशासन) बनाया गया है। किशनगढ़ वृत्त के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अजय सिंह राठौड़ को भरतपुर स्थित 7वीं बटालियन आरएसी का कमांडेंट नियुक्त किया गया है। बीकानेर सदर की अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनुष्ठा कालिया को जयपुर कमिश्नरेट में डीसीपी (मुख्यालय) बनाया गया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित

