home page

भट्टा बस्ती में फिरदौस मस्जिद की दीवार गिरने से 15 नमाजी दबे

 | 
भट्टा बस्ती में फिरदौस मस्जिद की दीवार गिरने से 15 नमाजी दबे


जयपुर, 06 मार्च (हि.स.)। राजधानी के भट्टा बस्ती थाना इलाके में स्थित फिरदौस मस्जिद में शुक्रवार दोपहर जुमे की नमाज के दौरान एक बड़ा हादसा हो गया। मस्जिद की एक दीवार अचानक भरभरा कर गिर गई, जिसकी चपेट में आने से करीब 15 लोग मलबे के नीचे दब गए। हादसे के वक्त मस्जिद में करीब एक हजार लोग मौजूद थे। सूचना मिलते ही पुलिस और स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए बचाव कार्य शुरू किया और मलबे में दबे लोगों को बाहर निकालकर कांवटिया अस्पताल पहुंचाया।

प्रत्यक्षदर्शी फैजान ने बताया कि नमाज खत्म होने के बाद कुछ लोग बाहर निकल रहे थे, तभी दीवार का एक हिस्सा ढह गया। दीवार के पास खड़े बच्चे और नीचे बैठी महिलाएं मलबे की चपेट में आ गए। हादसे के बाद हालांकि मौके पर भगदड़ जैसी स्थिति नहीं बनी, बल्कि नमाज पढ़ने आए अन्य लोग तुरंत राहत कार्य में जुट गए और मलबे को हटाकर घायलों को बाहर निकाला।

कांवटिया अस्पताल के अधीक्षक डॉ. आर.एस. तंवर के अनुसार, अस्पताल में कुल 15 घायलों को लाया गया था। इनमें से 6 की हालत गंभीर होने पर उन्हें सवाई मानसिंह (एसएमएस) अस्पताल रेफर किया गया है। गंभीर घायलों में रुस्तम (40), ईशान (34), खुर्शीद (25), सुहैल (25), इमाम जफर (20) और इकबाल (18) शामिल हैं। अन्य घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई है।

पुलिस के अनुसार हादसे के समय मस्जिद खचाखच भरी हुई थी। गनीमत रही कि दीवार का केवल एक हिस्सा ही गिरा, वरना बड़ा जानी नुकसान हो सकता था। पुलिस प्रशासन अब दीवार गिरने के तकनीकी कारणों की जांच कर रहा है। सुरक्षा के लिहाज से मस्जिद के प्रभावित हिस्से की घेराबंदी कर दी गई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश