जयपुर में अमूल ब्रांड की डेढ़ लाख किलो एक्सपायरी खाद्य सामग्री नष्ट
जयपुर, 09 मार्च (हि.स.)। खाद्य सुरक्षा विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए खो नागोरियान क्षेत्र में अमूल ब्रांड की करीब डेढ़ लाख किलो एक्सपायरी खाद्य सामग्री नष्ट करवाई। शिकायत राज्य सरकार की 181 हेल्पलाइन पर मिलने के बाद कार्रवाई की गई।
चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग की प्रमुख शासन सचिव गायत्री राठौड़ ने बताया कि शिकायत के आधार पर सीएमएचओ जयपुर-द्वितीय की टीम ने मैसर्स एथलीट डिस्ट्रीब्यूटर के गोदाम पर छापा मारा। यहां करीब 12 हजार कार्टन में अमूल ब्रांड के नूडल्स, केचअप, मयोनीज, एनर्जी ड्रिंक सहित अन्य नॉन-डेयरी उत्पाद मिले, जिनमें बड़ी मात्रा में एक्सपायरी सामग्री थी। लगभग 3000 कार्टन में पैकेट से एक्सपायरी डेट मिटाई जा चुकी थी और नई तिथि अंकित कर बेचने की तैयारी थी। मौके पर थिनर, एसीटोन और अन्य केमिकल भी मिले। खाद्य सुरक्षा आयुक्त डॉ. टी. शुभमंगला ने बताया कि गोदाम में अवैध रूप से खाद्य सामग्री का भंडारण किया जा रहा था और फर्म का फूड लाइसेंस भी एक्सपायर हो चुका था। कारोबारी गगन आहूजा नियर एक्सपायरी सामग्री को औने-पौने दामों में खरीदकर नई डेट प्रिंट कर मोटे मुनाफे में बेचने की तैयारी कर रहा था। अतिरिक्त आयुक्त भगवत सिंह ने बताया कि एक्सपायरी सामग्री के नमूने लेने के बाद गोदाम, मशीनें और अन्य सामान सीज कर परिसर को सील कर दिया गया। चार दिन तक चली कार्रवाई में 27 ट्रकों में भरकर करीब डेढ़ लाख किलो सामग्री कचरागाह में नष्ट करवाई गई। मामले में मैसर्स कायरा डिस्ट्रिक्ट को-ऑपरेटिव मिल्क प्रोड्यूसर यूनियन, गुजरात और सप्लायर एडवनसिस इंडिया प्राइवेट लिमिटेड को भी नोटिस जारी किया गया है। एथलीट डिस्ट्रीब्यूटर के खिलाफ खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम 2006 की विभिन्न धाराओं में कार्रवाई के लिए न्यायालय में परिवाद दायर किया जाएगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश

