103 जेईएन और 59 एईएन को सरकार ने दिया पदोन्नति का तोहफा
जयपुर, 23 अप्रैल (हि.स.)। राजस्थान की भजनलाल सरकार ने यूडीएच सेवा के कनिष्ठ अभियंता और सहायक अभियंताओं (सिविल) को पदोन्नति की सौगात दी है। इसमें 103 कनिष्ठ अभियंताओं को सहायक अभियंता और 59 सहायक अभियंताओं को अधिशाषी पद पर पदोन्नत किया है। पिछले 12 साल से अभियंता पदोन्नति का इंतजार कर रहे थे। पदोन्नति को लेकर अभियंताओं ने कई बार धरने-प्रदर्शन किए. तत्कालीन मंत्री-अधिकारियों को कई बार ज्ञापन दिए। भाजपा की भजनलाल सरकार ने मामले को गंभीरता से लिया और अभियंताओं को पदोन्न्ती का तोहफा दिया। सहायक अभियंताओं के पद कम होने से पदोन्नति अटकी थी। इसी के चलते पिछले वर्ष सितंबर में कैडर स्ट्रेंथ रिव्यू किया गया, रिव्यू में एईएन सिविल के पद 196 से बढ़ाकर 311 किए गए। पदों में बढ़ोतरी से इन सहायक अभियंताओं के पदोन्नति की राह खुली और नगरीय विकास विभाग ने गुरुवार को पदोन्नति के आदेश जारी किए।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश

