(अपडेट) दाे हजार सफाई कर्मियों संग परकोटे में रात्रि में चला ऑपरेशन क्लीन स्वीप
जयपुर, 10 मई (हि.स.)।
जयपुर नगर निगम द्वारा शनिवार रात को “ऑपरेशन क्लीन स्वीप” चलाया गया। रात्रि 11 बजे से प्रातः 5 बजे तक चले इस व्यापक अभियान में हेरिटेज क्षेत्र सहित प्रमुख मार्गों एवं संकरी गलियों में विशेष सफाई, कचरा निष्पादन एवं सौंदर्यीकरण कार्य किए गए।
अभियान की सबसे विशेष बात यह रही कि जयपुर कलेक्टर संदेश नायक और नगर निगम आयुक्त ओम कसेरा ने नगर निगम के सभी अधिकारियों के साथ पूरी रात स्वयं मैदान में उतरकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। दोनों वरिष्ठ अधिकारियों ने स्कूटी पर परकोटा क्षेत्र की विभिन्न गलियों, चौक-चौराहों एवं मुख्य मार्गों का संयुक्त निरीक्षण किया। देर रात आमजन की तरह स्कूटी पर किए गए इस निरीक्षण ने न केवल अधिकारियों की कार्यशैली को दर्शाया, बल्कि सफाई कर्मियों का उत्साह भी बढ़ाया।
नगर निगम आयुक्त रात्रि 11:30 से प्रातः 5 बजे तक लगातार विभिन्न बीट्स में मौजूद रहकर सफाई कार्यों की मॉनिटरिंग करते रहे।
करीब दाे हजार सफाई कर्मियों ने इस विशेष अभियान में भाग लिया। सफाई कर्मियों के लिए पूरी रात नाश्ते के पैकेट एवं चाय के लाइव काउंटर्स की व्यवस्था की गई थी, ताकि वे निरंतर ऊर्जा एवं उत्साह के साथ कार्य कर सकें।
अभियान के समापन उपरांत निगम प्रशासन द्वारा सभी सफाई कर्मियों को सम्मान स्वरूप ब्रांडेड इंसुलेटेड बोतलें वितरित की गईं। यह सहयोग सीआईआई राजस्थान के स्टेट हेड नितिन गुप्ता एवं डेनिश पावर लिमिटेड के सीएमडी शिवम तलवार द्वारा प्रदान किया गया।
जयपुर कलेक्टर ने कहा कि इस प्रकार के रात्रिकालीन अभियान शहर की व्यवस्थाओं को अधिक प्रभावी बनाने के साथ-साथ नागरिक सहभागिता को भी मजबूत करते हैं। उन्होंने कहा कि हेरिटेज क्षेत्र की स्वच्छता और सौंदर्य बनाए रखना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है तथा प्रशासन इस दिशा में लगातार कार्य करता रहेगा।
नगर निगम आयुक्त ने कहा कि मुख्यमंत्री के स्वच्छ, सुंदर एवं व्यवस्थित जयपुर के विज़न को धरातल पर उतारने के लिए नगर निगम पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रहा है। “ऑपरेशन क्लीन स्वीप” केवल एक अभियान नहीं, बल्कि जयपुर की पहचान को नई ऊंचाइयों तक ले जाने का प्रयास है। उन्होंने कहा कि निगम प्रशासन भविष्य में भी इसी प्रकार नवाचार आधारित और जनसहभागिता वाले अभियान लगातार संचालित करता रहेगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश

